जमशेदपुर। नव वर्ष का जश्न इस बार खास बनाने की तैयारी पिकनिक स्पॉटों पर चल रही है। टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में चार नए तेंदुए के साथ पांच तेंदुओं को पर्यटक देख सकेंगे।
बटरफ्लाई पार्क भी बनकर तैयार हो गया है। वहीं, दलमा आने वाले सैलानियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए पेवर्स ब्लॉक बिछाए जा रहे हैं। दलमा में कुछ दिन पहले ही बुडेन ब्रिज भी शुरू किया गया है।
नये साल को लेकर तैयारियां शुरूः
नए साल का जश्न मनाने के लिए टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क (जू) आने वाले पर्यटकों को चार नए तेंदुए का दीदार होगा। नागपुर के महाराजबाग चिड़ियाघर से चार तेंदुओं (दो मादा-दो नर) को लाया गया है।
इनके बाड़े का नए तरीके से निर्माण हो रहा है। बाड़े में ग्लास व्यू (ग्लास की दीवार) से लोग तेंदुए का दीदार कर सकेंगे। फिलहाल सभी तेंदुओं को अभी पिंजड़े में ही रखा गया है।
मालूम हो कि 2022 में जू में आए बाढ़ से एक तेंदुआ (मिथुन) की मौत हो गई थी। इसके बाद से जू में सिर्फ एक ही तेंदुआ रह गया था। अब चार नए मेहमानों के आने से तेंदुओं की संख्या पांच हो गई है। इसके अलावा शेर और बाघ के बाड़े को भी नए तरीके से बनाया जा रहा है, यहां भी ग्लास व्यू होगा।
आकर्षक का केंद्र तितली घरः
जू में पर्यटकों के लिए नया तितली घर भी बनाकर तैयार है। यहां करीब 15 प्रजातियों की तितलियों का दीदार होगा। जू में ही तितलियों का प्रजनन कराया जा रहा है। जबकि तितली जिस पेड़-पौधों से आकर्षित होते हैं, उन पौधों का प्लांटेशन भी जू में ही किया जा रहा है।
जू प्रबंधन कुछ दिनों में तितली घर का उद्घाटन करेगा। विभिन्न स्कूल और कॉलेजों से आने वाले विद्यार्थी तितलियों के बारे में जान पाएंगे।
तितलियों को आकर्षित करने के लिए करिया पत्ता, निंबू पत्ता समेत उनके मन-पसंद के पौधे तितली घर में लगाए गए हैं। वहीं जू का अब ऑनलाइन भी टिकट मिलेगा। इसके लिए वेबसाइट जल्द शुरू होगी।
इसे भी पढ़ें
झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थल: प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक धरोहर की भूमि