इस्लामाबाद, एजेंसियां। पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें तीन महिला समेत 20 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि एक यात्री बस सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गई।
हादसे के समय बस में 32 लोग सवार थे। 20 लोगों की मौत के साथ 15 मुसाफिरों के घायल होने की खबर है। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। खबर लिखे जाने तक बस और खाई में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है।
स्थानीय पाक अफसरों के अनुसार मरने वालों की संख्या और भी बढ़ सकती है। हादसा पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम में गिलगित-बाल्टिस्तान क्षेत्र के डायमेर जिले में काराकोरम नेशनल हाईवे पर हुआ है।
घटना स्थल के पास मौजूद लोगों ने बताया कि बस रावलपिंडी से हुंजा जा रही थी। चालक ने अधिक रफ्तार के काऱण बस पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद तेज रफ्तार बस सड़क पर से फिसलती हुई खाई में जा गिरी। इससे सड़क किनारे लगी रेलिंग भी टूट गयी।
फिलहाल राहत कार्य जारी है। कई मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पायी है।कुछ शव बस के अंदर अभी भी फंसे हुए हैं। घाटी क्षेत्र होने के कारण राहत कार्य में भी दुश्वारी पेश आ रही है।
इधर, गिलगित-बाल्टिस्तान के मुख्यमंत्री हाजी गुलबार खान ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए प्रशासन को निर्देश दिया है।
दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि एडमिट लोगों में कई की हालत गंभीर है। इस कारण भी मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें
झारखंड के मौसम में होगा बदवाल, गर्मी से थोड़ी राहत की उम्मीद