Heavy rain in Jharkhand:
रांची। झारखंड में मानसून फिर सक्रिय हो गया है और राज्य के कई जिलों में 25 अगस्त तक तेज बारिश का पूर्वानुमान है। बंगाल की खाड़ी और ओड़िशा तट पर बने निम्न दबाव का असर राज्य पर दिख रहा है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त को रामगढ़, रांची, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा और साहेबगंज में भारी बारिश और वज्रपात के साथ येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 22 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों के अलावा कई अन्य जिलों में मध्यम से भारी बारिश की आशंका बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटे में पश्चिम सिंहभूम के गोइलकेरा में सबसे अधिक 36.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जमशेदपुर में 11 मिमी, बोकारो में 10 मिमी, रांची में 3 मिमी और मेदिनीनगर में 1 मिमी बारिश हुई। इस मानसून सीजन में अब तक झारखंड में कुल 888.9 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य वर्षा 700.5 मिमी से 27 प्रतिशत अधिक है। रांची में 1094.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 52 प्रतिशत ज्यादा है, जबकि पूर्वी सिंहभूम में 1330 मिमी बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 76 प्रतिशत अधिक है।
मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है क्योंकि तेज बारिश से बाढ़ और जलभराव की संभावना बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें