बीजिंग, एजेंसियां । चीन में एक अधिकारी को रिश्वत लेने इतना महंगा पड़ गया कि इसकी कीमत उसे अपनी जान से चुकानी पड़ी।
29 मई चीन की एक अदालत ने 15.1 करोड़ डॉलर की घूस लेने के जुर्म में एक पूर्व बैंकर को मौत की सजा सुनायी है।
बैंकर का नाम बाई तिआनहुई है। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के मुताबिक चाइना हुआरोंग इंटरनेशनल होल्डिंग्स (सीएचआईएच) के पूर्व महाप्रबंधक बाई तिआनहुई को मंगलवार को तिआनजिन की एक अदालत ने मौत की सजा सुनायी है।
तिआनजिन की एक अदालत द्वारा सुनाए फैसले के अनुसार, उसके आजीवन राजनीतिक अधिकार भी छीन लिए गए और उसकी सारी संपत्ति जब्त कर ली गयी है।
इसके अलावा कोर्ट ने आदेश दिया कि उस बैंकर की सारी अवैध आय को बरामद किया जाए और उसे सरकारी खजाने में जमा कराया जाए।
अदालत ने कहा कि रिश्वत के तौर पर ली गयी रकम बड़ी है, अपराध की परिस्थितियां गंभीर है और इसका सामाजिक असर बहुत खराब है, जिससे देश और लोगों के हितों को काफी नुकसान पहुंचा है।
शी जिनपिंग के राष्ट्रपति बनने के बाद आया बदलाव
राष्ट्रपति शी जिनपिंग के 2012 में सत्ता संभालने के बाद से भ्रष्टाचार रोधी अभियान के तहत कई चीनी अधिकारियों को सजा सुनायी गयी है, लेकिन मौत की सजा बहुत कम ही दी गयी है क्योंकि उनमें से ज्यादातर ने अपना अपराध कबूल कर लिया और इसके बदले में उन्हें मृत्युदंड के बजाय जेल की लंबी सजा सुनायी गयी।
बाई भ्रष्टाचार के लिए मौत की सजा पाने वाला चीन का दूसरा अधिकारी है। जनवरी 2021 में भी इसी अदालत ने सीएचएएम के पूर्व चेयरमैन लाई शियोमिन को मौत की सजा सुनायी थी।
इसे भी पढ़ें



















