Nancy Grewal murdered: सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की कनाडा में हत्या, जांच में जुटी पुलिस

3 Min Read

Nancy Grewal murdered

विंडसर (कनाडा), एजेंसियां। कनाडा में रहने वाली पंजाबी मूल की यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या कर दी गई है। अज्ञात हमलावर ने उनके घर में घुसकर चाकू से हमला किया, जिससे गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घर में घुसकर किया गया हमला

कनाडा की लासाल पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय नैन्सी ग्रेवाल पर मंगलवार रात करीब 9:30 बजे हमला किया गया। हमलावर उनके विंडसर स्थित घर में घुसा और चाकू से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और नैन्सी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुधवार को पुलिस अधिकारी माइकल पियर्स ने इस घटना की पुष्टि की।

सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं नैन्सी

नैन्सी ग्रेवाल पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर थीं। वह अपने वीडियो के माध्यम से सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती थीं। उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 12 हजार फॉलोअर्स थे और वह नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करती थीं।

खालिस्तानी गतिविधियों की करती थीं आलोचना

नैन्सी ग्रेवाल अपने वीडियो में खालिस्तानी गतिविधियों की खुलकर आलोचना करती थीं। भारत-कनाडा संबंधों और पंजाब से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दों पर भी उन्होंने बेबाक टिप्पणी की थी। इसी कारण कुछ कट्टरपंथी समूहों से उन्हें विरोध का सामना करना पड़ता था। पुलिस को शक है कि हत्या के पीछे इसी तरह के विवादित मुद्दे भी कारण हो सकते हैं, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

हत्या से पहले किया था विवादित पोस्ट

बताया जा रहा है कि हत्या से कुछ दिन पहले नैन्सी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इस वीडियो में वह एक व्यक्ति के बयान का समर्थन करती दिखाई दी थीं और कुछ तीखी बातें भी कही थीं।

पुलिस कर रही मामले की जांच

फिलहाल कनाडा पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमलावर की तलाश जारी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी नैन्सी ग्रेवाल के समर्थकों ने दुख और आक्रोश जताया है।

Share This Article