Fire in Waldorf house: वाल्डोर्फ में घर में लगी आग ने ली 6 जानें, इलाके में पसरा मातम

Anjali Kumari
3 Min Read

Fire in Waldorf house:

वाशिंगटन/ वाल्डोर्फ, एजेंसियां। अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। चार्ल्स काउंटी के वाल्डोर्फ इलाके में एक घर में लगी भीषण आग ने चार बच्चों समेत छह लोगों की जान ले ली। स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 8:40 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया।

70 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे

जानकारी के मुताबिक, घर में आग लगने की सूचना मिलते ही 70 से अधिक दमकलकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। आग इतनी तेज़ थी कि उस पर काबू पाने में दमकल विभाग को एक घंटे से ज्यादा का समय लग गया। इस दौरान एक दमकलकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य घायल कर्मी का घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार किया गया।

एक व्यक्ति ने बचाई अपनी जान

दमकल विभाग ने बताया कि आग लगने के वक्त घर में मौजूद एक व्यक्ति किसी तरह खुद को लपटों से बचाकर बाहर निकलने में सफल रहा। हालांकि, बाकी छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। मृतकों में चार बच्चे शामिल हैं। अधिकारियों ने मृतकों की पहचान और उम्र का खुलासा अभी नहीं किया है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

मैरीलैंड अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ओलिवर अलकयर ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि क्या घर में आग की चेतावनी देने वाले यंत्र (स्मोक अलार्म) काम कर रहे थे या नहीं। अधिकारी अभी तक किसी कारण की पुष्टि नहीं कर पाए हैं।

इलाके में शोक की लहर

इस हादसे के बाद पूरे वाल्डोर्फ इलाके में मातम का माहौल है। स्थानीय लोग और प्रशासन इस दुर्घटना से स्तब्ध हैं और मृतकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

2025 में अमेरिका में कई भीषण अग्निकांड

गौरतलब है कि साल 2025 में अमेरिका में आगजनी की कई भीषण घटनाएं सामने आ चुकी हैं। साल की शुरुआत में लॉस एंजिल्स में एक बड़े अग्निकांड ने भारी तबाही मचाई थी। इसके बाद उत्तरी और दक्षिण कैरोलिना राज्यों में जंगलों में लगी आग ने भी हजारों लोगों को प्रभावित किया।

इसे भी पढ़ें

Criminals set fire: लातेहारः कोलियरी में अपराधियों की आगजनी, कई वाहन फूंके


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं