New York Mayoral Election 2025:
न्यूयॉर्क, एजेंसियां। अमेरिका के सबसे बड़े शहर न्यूयॉर्क में मंगलवार, 4 नवंबर को होने वाले मेयर चुनाव पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं। इस बार का चुनाव बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि भारतीय मूल के जोहरान ममदानी रेस में सबसे आगे हैं और उनके पास न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बनने का मौका है।
जोहरान ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार:
34 वर्षीय जोहरान ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार हैं। उन्होंने जून में हुए प्राइमरी चुनाव में चौंकाने वाली जीत दर्ज की थी। ममदानी प्रसिद्ध भारतीय-अमेरिकी फिल्म निर्माता मीरा नायर और युगांडा के मार्क्सवादी विद्वान महमूद ममदानी के बेटे हैं। उनका जन्म युगांडा में हुआ था और वे सात साल की उम्र से अमेरिका में रह रहे हैं। वर्ष 2018 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता प्राप्त हुई।
ममदानी का आप्रवासी समुदाय के बीच मजबूत पकड़:
ममदानी ने न्यूयॉर्क के युवाओं और आप्रवासी समुदाय के बीच अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। उनका चुनावी एजेंडा बढ़ती जीवन-यापन लागत को नियंत्रित करना, किराए पर रोक लगाना, बस और डे-केयर सेवाओं को मुफ्त करना और सरकारी किराना दुकानों की स्थापना जैसे मुद्दों पर केंद्रित है। उनका स्लोगन सामाजिक समानता और आम जनता की भलाई पर आधारित है। डोनाल्ड ट्रंप ने उन पर तंज कसते हुए उन्हें “लिटिल कम्यूनिस्ट” तक कहा था, लेकिन सोशल मीडिया पर ममदानी की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। इस चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय है ममदानी के अलावा दो और प्रमुख उम्मीदवार मैदान में हैं।
दूसरे उम्मीदवार हैं एंड्रयू कुओमो, जो न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर रह चुके हैं। 67 वर्षीय कुओमो इस बार निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। 2021 में यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था, जिससे उनकी छवि पर गहरा दाग लगा। कुओमो का फोकस सार्वजनिक सुरक्षा और पुलिस बल को मजबूत करने पर है। उन्होंने न्यूयॉर्क पुलिस विभाग में 5,000 नए पुलिसकर्मियों की भर्ती का वादा किया है।
तीसरे उम्मीदवार हैं कर्टिस स्लिवा, जो रिपब्लिकन पार्टी से मैदान में हैं। 71 वर्षीय स्लिवा की लोकप्रियता सीमित है, लेकिन उनके वोटों का बंटवारा चुनावी नतीजे को प्रभावित कर सकता है। वे डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी से होने के बावजूद उनकी सभी नीतियों से सहमत नहीं हैं और कुछ इमिग्रेशन नीतियों का विरोध कर चुके हैं। उनका चुनाव अभियान शहर की नौकरशाही घटाने, जीवन-यापन की लागत कम करने, सार्वजनिक सुरक्षा बढ़ाने और बेघरों तथा पशु कल्याण के मुद्दों पर केंद्रित है। स्लिवा अपनी 16 बिल्लियों के लिए भी जाने जाते हैं।
अब सबकी निगाहें इस ऐतिहासिक मुकाबले पर हैं। क्या भारतीय मूल के जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर बनकर इतिहास रचेंगे, या फिर अनुभवी एंड्रयू कुओमो वापसी करेंगे यह फैसला 4 नवंबर को न्यूयॉर्क की जनता करेगी।
इसे भी पढ़ें









