World Rapid Chess Championship
दोहा, एजेंसियां। भारत की अनुभवी महिला शतरंज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी ने दोहा में आयोजित 2025 फिडे विश्व रैपिड शतरंज चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। इस बड़ी उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए उन्हें बधाई दी और उनके समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत की जमकर सराहना की। पीएम मोदी ने कहा कि हम्पी का प्रदर्शन देश के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में उनसे और भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
कोनेरू हम्पी का शानदार प्रदर्शन
कोनेरू हम्पी इस टूर्नामेंट में मौजूदा चैंपियन के रूप में उतरी थीं। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाया और अंतिम दौर के बाद 8.5 अंक हासिल कर दो अन्य ग्रैंडमास्टर्स के साथ संयुक्त बढ़त बनाई। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के टाईब्रेक नियमों के चलते उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। यदि वह खिताब जीत जातीं, तो तीन बार विश्व रैपिड चैंपियन बनने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन जातीं। इससे पहले हम्पी 2019 और 2024 में यह खिताब जीत चुकी हैं।
पुरुष वर्ग में भी भारत को सफलता मिली, जहां अर्जुन एरिगेसी ने कांस्य पदक जीता। अब हम्पी और अर्जुन दोनों आगामी विश्व ब्लिट्ज शतरंज चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे, जिससे भारतीय शतरंज प्रेमियों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।







