Israeli forces operation: इजरायली सेना को बड़ी कामयाबी, हमास आतंकी सेल के चीफ मुहम्मद इस्लाम हसन अल-हबील ढेर

2 Min Read

Israeli forces operation

तेल अवीव, एजेंसियां। इजरायली रक्षा बलों (IDF) ने गाजा में एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए हमास आतंकी सेल के प्रमुख मुहम्मद इस्सम हसन अल-हबील को मार गिराया है। यह कार्रवाई IDF और इजरायल की खुफिया एजेंसी शिन बेट (ISA) के संयुक्त अभियान में की गई।

आईडीएफ के मुताबिक, अल-हबील वही आतंकी था, जिसने 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले के दौरान अगवा की गई IDF ऑब्जर्वर कॉर्पोरल नोआ मार्सियानो की हत्या की थी। इजरायल ने इस ऑपरेशन को हमास द्वारा किए गए युद्धविराम उल्लंघन के जवाब में अंजाम दिया।

7 अक्टूबर नरसंहार में निभाई थी अहम भूमिका

IDF ने बताया कि अल-हबील का 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल में हुए हमास के हमले और नरसंहार में बड़ा रोल था। उसी ने नोआ मार्सियानो को नहल ओज सैन्य चौकी से अगवा किया था। नोआ उन महिला सैनिकों में शामिल थीं, जिन्हें हमास ने बंधक बनाया था, लेकिन वह अकेली थीं जो जिंदा वापस नहीं लौट सकीं।

शाती कैंप में हवाई हमले में ढेर

IDF और शिन बेट ने 4 फरवरी को गाजा सिटी के शाती शरणार्थी शिविर में हवाई हमला कर अल-हबील को मार गिराया। इजरायली सेना के अनुसार, अल-हबील ने शिफा अस्पताल में नोआ मार्सियानो की हत्या की थी। नोआ के पिता ने पहले दावा किया था कि एक डॉक्टर ने उनकी बेटी की नसों में हवा इंजेक्ट कर उसकी जान ली।

रिजर्व अधिकारी पर हमले के बाद तेज हुई तलाश

बताया गया कि एक इजरायली रिजर्व अधिकारी पर गोलीबारी की घटना के बाद अल-हबील फिर से IDF के रडार पर आया। इसे युद्धविराम का उल्लंघन माना गया, जिसके बाद गाजा डिवीजन की खुफिया जानकारी के आधार पर यह ऑपरेशन किया गया।

IDF का बयान

IDF ने कहा है कि 7 अक्टूबर के अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और हमास के आतंकियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सेना के अनुसार, अल-हबील की मौत नोआ मार्सियानो के परिवार के लिए आंशिक न्याय है।

Share This Article