Myanmar Earthquake
नाएप्यीडॉ, एजेंसियां। म्यांमार में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.4 मापी गई है। यह भूकंप धरती की सतह से करीब 100 किलोमीटर की गहराई में आया, जिस कारण बड़े नुकसान की कोई तत्काल सूचना नहीं मिली है। हालांकि, झटकों के बाद लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए।
लगातार आ रहे हैं भूकंप के झटके
म्यांमार में हाल के दिनों में भूकंपीय गतिविधियां लगातार देखी जा रही हैं। इससे पहले 13 दिसंबर को 3.9 तीव्रता का भूकंप 115 किमी गहराई पर दर्ज किया गया था। वहीं 11 दिसंबर को 3.8 और 10 दिसंबर को 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। लगातार आ रहे इन झटकों ने विशेषज्ञों और स्थानीय प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।
भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र
म्यांमार भौगोलिक रूप से भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह देश भारतीय, यूरेशियन, सुंडा और बर्मा—चार टेक्टोनिक प्लेटों के बीच स्थित है, जिनके आपसी टकराव से यहां भूकंपीय गतिविधियां होती रहती हैं। इसके अलावा, म्यांमार से होकर गुजरने वाली 1,400 किलोमीटर लंबी सागाइंग ट्रांसफॉर्म फॉल्ट भी बड़े भूकंपों का कारण बनती है। यह फॉल्ट सागाइंग, मांडले, बागो और यांगून जैसे प्रमुख शहरों के लिए खतरा बनी रहती है।
भयावह भूकंप की यादें अब भी ताजा
गौरतलब है कि इसी साल 28 मार्च को म्यांमार में 7.7 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया था, जिसने भारी तबाही मचाई थी। उस भूकंप में 2700 से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग घायल हुए थे। बुनियादी ढांचे, सड़कों और रिहायशी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा था। ऐसे में ताजा भूकंप ने एक बार फिर लोगों की चिंताओं को बढ़ा दिया है।







