Canadian school firing
ओटावा, एजेंसियां। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर में मंगलवार को एक हाईस्कूल में गोलीबारी हुई। पुलिस के मुताबिक इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हैं। अभी तक ये जानकारी नहीं आई है कि मरने वालों में कोई छात्र शामिल है या नहीं। स्कूल को एहतियातन बंद कर दिया गया है।
पुलिस और एंबुलेंस पहुंची मौके पर
इलाके के विधायक लैरी न्यूफेल्ड ने बताया कि हालात को काबू में करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और एंबुलेंस की टीमें मौके पर भेजी गईं हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो लोग अपने परिवार वालों को ढूंढने के लिए बाहर निकल आए हैं, वे अपने घर लौट जाएं और वहीं सुरक्षित रहें।
स्कूल में कुल 175 स्टूडेंट पढ़ते है
सरकारी वेबसाइट के मुताबिक, हादसे वाले टम्बलर रिज सेकेंडरी स्कूल में क्लास 7 से 12 तक के कुल 175 छात्र पढ़ते हैं।
पुलिस बोली- हमलावर के शरीर पर खुद को चोट पहुंचाने के निशानः
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट कमांडर केन फ्लॉयड ने कहा कि हालात तेजी से बदल रहे थे और स्थिति काफी गंभीर थी। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन, इमरजेंसी टीमों और स्थानीय लोगों के सहयोग से पुलिस को कार्रवाई करने में मदद मिली।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट (भारतीय समयानुसार रात करीब 2 बजे) पर स्कूल में गोलीबारी की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस स्कूल के अंदर दाखिल हुई। वहां कई लोग घायल और मृत हालत में मिले।
