Explosion in China: चीन के स्टील प्लांट में जोरदार धमाका, भूकंप जैसे झटकों से दहला बाओटू शहर

3 Min Read

Explosion in China

बीजिंग, एजेंसियां। चीन के इनर मंगोलिया स्वायत्त क्षेत्र के पश्चिमी बाओटू शहर में रविवार को एक भीषण औद्योगिक विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। यह धमाका बाओगांग यूनाइटेड स्टील कंपनी के प्लेट प्लांट में दोपहर करीब 3 बजे हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि आसपास के इलाकों में भूकंप जैसे झटके महसूस किए गए और कई इमारतें हिल गईं। स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस हादसे में अब तक कम से कम 2 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

ब्लास्ट के बाद कांपा पूरा इलाका

स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। अचानक हुए विस्फोट से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार, विस्फोट के बाद आसपास के क्षेत्रों में “स्पष्ट कंपन” महसूस किए गए, जिससे इसकी भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

आग की लपटों में घिरा प्लांट

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि धमाके के बाद स्टील प्लांट के भीतर और आसपास आग की भीषण लपटें उठ रही थीं। काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया, जिससे दृश्यता भी प्रभावित हुई। शुरुआती जांच में कई लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, हालांकि घायलों की सटीक संख्या अभी सामने नहीं आई है।

बचाव कार्य जारी, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही स्वायत्त क्षेत्र और बाओटू शहर की फायर फाइटिंग और आपदा राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। बचावकर्मी आग बुझाने और मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं। अधिकारियों ने इलाके को सील कर दिया है और विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

औद्योगिक सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

यह हादसा एक बार फिर चीन में औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रहा है। बीते वर्षों में भी चीन के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में इस तरह के बड़े विस्फोट और दुर्घटनाएं सामने आती रही हैं। फिलहाल प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता का भरोसा दिलाया है और कहा है कि जांच के बाद जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article