Asif Ali Zardari
इस्लामाबाद, एजेंसियां। पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी ने खुलासा किया है कि मई में भारत के साथ सैन्य संघर्ष के दौरान उन्हें बंकर में जाने की सलाह दी गई थी। हालांकि उन्होंने यह विकल्प नहीं चुना और कहा कि “लीडर मैदान में मरते हैं, बंकर में नहीं।” ज़रदारी यह बातें सिंध प्रांत के लरकाना में अपनी पत्नी और पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो की 18वीं पुण्यतिथि के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में साझा कीं।
भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव
मई महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव उस समय बढ़ गया था जब अप्रैल में पहलगाम हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान-प्रशासित कश्मीर में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत नौ ठिकानों पर आतंकवादियों के कैंपों पर हमले किए थे। पाकिस्तान ने जवाबी कार्रवाई के तौर पर ‘ऑपरेशन बुनियान-उन-मरसूस’ में भारत के 26 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया था। ज़रदारी ने बताया कि उनके सहयोगी ने उन्हें बंकर में जाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।







