Ajith Kumar Dubai news
तेहरान, एजेंसियां। मिडिल ईस्ट में ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर अब आम नागरिकों के साथ-साथ भारतीय फिल्म सितारों पर भी दिखने लगा है। क्षेत्र में जारी हमलों और जवाबी कार्रवाई के चलते कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। इसी बीच खबर सामने आई कि तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजीत कुमार दुबई में फंस गए हैं। उनके साथ अभिनेत्री सोनल चौहान के भी वहां मौजूद होने की जानकारी है।
एयरपोर्ट से लौटना पड़ा वापस
अजित कुमार के मैनेजर ने 1 मार्च को मीडिया से बातचीत में स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि अभिनेता को एक दिन पहले दुबई से रवाना होना था, लेकिन अचानक बिगड़े हालात और उड़ानों के रद्द होने के कारण उन्हें एयरपोर्ट से वापस लौटना पड़ा। मैनेजर ने आश्वस्त किया कि अजित फिलहाल दुबई में सुरक्षित हैं और हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।बताया जा रहा है कि ईरानी सैन्य व परमाणु ठिकानों पर हमलों के बाद कई एयरलाइंस ने अपनी सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी हैं या रूट डायवर्ट किए हैं। जवाबी कार्रवाई की आशंकाओं के चलते खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
दुबई एयरपोर्ट पर भारी भीड़
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा सकती है। एयर इंडिया और इंडिगो जैसी भारतीय विमानन कंपनियों ने बयान जारी कर कहा है कि वे स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और सुरक्षा मंजूरी मिलते ही उड़ान संचालन बहाल किया जाएगा।
इस बीच सोनल चौहान ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए प्रधानमंत्री Narendra Modi से मदद की अपील की है। उन्होंने भारत लौटने के लिए सरकार से मार्गदर्शन और सहायता की गुहार लगाई।
मोटरस्पोर्ट्स के कारण दुबई में हैं अजित
अजित कुमार पिछले कुछ समय से दुबई में रह रहे हैं। उन्होंने 2025 में ‘द हॉलीवुड रिपोर्टर इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में बताया था कि मोटरस्पोर्ट्स के प्रति अपने जुनून के चलते उन्होंने दुबई को चुना। यहां विश्वस्तरीय रेसिंग सर्किट होने के कारण वे अपना अधिक समय इसी क्षेत्र को दे पा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि वे यहां सामान्य जीवन जीना पसंद करते हैं और भीड़-भाड़ से दूर रहकर मानसिक शांति पाते हैं।
फैंस को सुरक्षित वापसी का इंतजार
फिलहाल भारतीय दूतावास और सरकार क्षेत्र में फंसे नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी है। अजित कुमार और सोनल चौहान के दुबई में फंसे होने की खबर से उनके प्रशंसक चिंतित हैं और सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं।








