सिंगापुर एयरलाइंस में एयर टर्बुलेंस, एक यात्री की मौत, 30 घायल

2 Min Read

बैंकाक, एजेंसियां। सिंगापुर एयरलाइंस की फ्लाइट में एयर टर्बुलेंस की वजह से एक यात्री की मौत हो गई और 30 घायल हो गए हैं।

फ्लाइट लंदन से सिंगापुर जा रही थी। सिंगापुर एयरलाइन्स की बोइंग 777-300ER फ्लाइट ने लंदन से भारतीय समय के मुताबिक देर रात 2:45 बजे उड़ान भरी थी।

डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, टेकऑफ के 11 घंटे बाद 37 हजार फीट पर खराब मौसम की वजह एयर टर्बुलेंस आया। फ्लाइट जोर से हिलने लगी।

उस वक्त विमान म्यांमार के एयरस्पेस के पास था। अंडमान सागर पार करने के बाद विमान 5 मिनट के अंदर 37 हजार फीट की ऊंचाई से 31 हजार फीट की ऊंचाई पर आ गया।

यात्रियों ने बताया कि विमान की ऊंचाई कम करते वक्त उन्हें सीट बेल्ट पहनने की वॉर्निंग नहीं दी गई।

इस वजह से कई यात्री अपनी सीट से ऊपर उछल गए। उनका सिर लगेज कंटेनर से टकरा गया। इसके बाद फ्लाइट को भारतीय समयानुसार दोपहर 2:15 बजे बैंकॉक डायवर्ट किया गया।

यहां के सुवर्नभूमि एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट दोपहर 3:40 बजे सिंगापुर लैंड होने वाली थी।

फ्लाइट में 211 यात्री और 18 क्रू मेंबर सवार थे। फ्लाइट शाम 6 बजकर 10 मिनट पर सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट उतरने वाली थी।

प्लेन की लैंडिंग के तुरंत बाद एम्बुलेंस की कई गाड़ियां एयरपोर्ट पहुंची। घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिंगापुर एयरलाइन्स ने मारे गए यात्री के परिजनों के प्रति शोक जताया है। उन्होंने कहा कि कंपनी के अधिकारी बैंकॉक से लगातार संपर्क में है।

सभी यात्रियों को जरूरी मदद पहुंचाई जा रही है।

इसे भी पढ़ें

केजरीवाल के पीए को मुंबई ले गई पुलिस, दावा- विभव ने आईफोन फार्मेट किया, डेटा किसी को भेजा

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं