Jharkhand Weather
रांची। इस साल कड़ाके की ठंड ने लोगों की जिंदगी अस्त-व्यस्त कर के रख दी, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन अब झारखंड वासियों को कड़ाके की ठंड से राहत मिलने जा रही है। अब ठंड अपने आखिरी दौर पर पहुंचती नजर आ रही हैं।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में राज्य के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड और कनकनी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह और रात के समय हल्की ठंड बनी रहेगी। विभाग ने बताया कि इस अवधि में राज्य का मौसम शुष्क (ड्राई) रहेगा और बारिश या किसी बड़े मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने की संभावना नहीं है।
उत्तर-पूर्वी झारखंड में दिन में गर्मी, रात में ठंड
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। विशेष रूप से गोड्डा और पाकुड़ में 20 और 21 जनवरी को तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, न्यूनतम तापमान 9 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 22 और 23 जनवरी को रात के तापमान में हल्की गिरावट से सुबह हल्की ठंड महसूस की जा सकती है।
उत्तर-पश्चिमी झारखंड में ठंड का असर रहेगा
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू जिलों में रातें ठंडी बनी रहेंगी। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। लोहरदगा, गढ़वा और पलामू में 22 जनवरी के आसपास सबसे ठंडी रातें दर्ज होने की संभावना है। हालांकि, दिन में तापमान बढ़ने से अधिकतम तापमान 25 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
मध्य झारखंड में हल्की ठंड जारी
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला जिलों में अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। गुमला और खूंटी में रातें सबसे ठंडी हो सकती हैं, जहां तापमान 6 से 7 डिग्री तक गिर सकता है। सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
दक्षिणी झारखंड में दिन में बढ़ेगी गर्मी
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में 20 जनवरी को तापमान 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 8 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। यहां ठंड का असर कम और दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी।
थोड़ी राहत की उम्मीद
कुल मिलाकर, झारखंड में अगले पांच दिनों में ठंड से आंशिक राहत मिलने की संभावना है। दोपहर में धूप के कारण मौसम सुहावना रहेगा, लेकिन सुबह और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी।
बजुर्गों और किसानों के लिए सलाह
बुजुर्गों और बच्चों को सुबह व देर रात हल्के गर्म कपड़े पहनाते रहें। दिन में तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचें। किसान सिंचाई और फसल कटाई का कार्य दिन में करें, मौसम अनुकूल रहेगा।

