Jharkhand Weather:
रांची। झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है और अब शीतलहरी ने लोगों को कंपाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक राज्य के पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी जिलों में अगले दो दिनों तक ठंड का असर और बढ़ेगा। पिछले 24 घंटे में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है, जिससे रांची, गुमला और लोहरदगा सहित कई जिलों में ठंड और कनकनी बढ़ गई है।
IMD ने बताया:
IMD ने बताया है कि झारखंड के छह जिले — पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार और लोहरदगा — अगले दो दिनों तक शीतलहरी की चपेट में रहेंगे। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला बना हुआ है, जहां तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
पश्चिमी झारखंड के इलाकों में ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में तापमान और 2 से 3 डिग्री तक नीचे जा सकता है। लातेहार, लोहरदगा और पलामू के कई हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा और कड़ाके की ठंड देखने को मिलेगी।
राजधानी रांची में भी ठंड का असर:
राजधानी रांची में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। हालांकि यहां तापमान पश्चिमी जिलों जितना नीचे नहीं गया है, लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया है। फिलहाल रांची का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में यहां भी तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।







