Jharkhand cold wave alert:
रांची। झारखंड में ठंड लगातार बढ़ रही है। हिमालय से आ रही ठडी हवाएं हाड़ कंपा रही हैं। इतना ही नहीं, अभी तो मौसम विभाग ने झारखंड में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। बर्फीली हवा चलने से राज्यभर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ रहा है। लोगों को कड़ाके की ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने साफ आसमान बनने और न्यूनतम तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना बनी हुई है। रांची का न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। विभाग ने 5 और 6 दिसंबर को शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान पलामू, गढ़वा, चतरा, गुमला, लातेहार, लोहरदगा, सिमडेगा, खूंटी, रांची, बोकारो और रामगढ़ जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर की स्थिति बनने की संभावना है।
2 से 3 डिग्री और नीचे गिरेगा पाराः
पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके बाद के दो दिनों में तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। सबसे अधिक तापमान 29.4 डिग्री चाईबासा में, जबकि सबसे कम 5.9 डिग्री सेल्सियस गुमला में दर्ज किया गया।
सभी जिलों में नीचे गिर रहा पाराः
इधर, पिछले 24 घंटों में राज्य के पाँच जिलों रांची, खूंटी, डाल्टेनगंज, बोकारो-थर्मल और गुमला का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शेष चार जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे चला गया।
ठंड में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव को देखते हुए नेशनल हेल्थ मिशन ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को सलाह दी गई है कि वे बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त भोजन करके घर से निकलें, फ्लू या सर्दी-खांसी के लक्षण दिखने पर स्थानीय स्वास्थ्यकर्मी या चिकित्सक से संपर्क करें, नियमित रूप से गर्म पानी पिएं, और ठंड के कारण बेहोशी या बोलने में लड़खड़ाहट महसूस होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
