Bihar cold weather
पटना, एजेंसियां। बिहार की राजधानी पटना में ठंड और तेज हवाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों का समय बदलने का फैसला लिया है। डीएम पटना ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों (प्री-स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों सहित) के लिए आदेश जारी किया है कि सुबह 9 बजे से पहले और दोपहर 4:30 बजे के बाद कोई शैक्षणिक गतिविधि नहीं होगी। इस दौरान कक्षाएं नहीं लगेंगी।
बोर्ड परीक्षा के छात्रों को छूट
बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्र इस आदेश से छूट में रहेंगे। वहीं पहले से तय बोर्ड या प्री-बोर्ड परीक्षाएं और विशेष कक्षाएं अपने निर्धारित समय पर ही चल सकेंगी। यह आदेश शुक्रवार से लागू हो गया है और 25 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा।
बच्चों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे
जिला प्रशासन ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे आदेश का सख्ती से पालन करें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। डीएम ने बताया कि यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा-163 के तहत जारी किया गया है और इसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है।
अभिभावकों से अपील
साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि वे ठंड के मौसम में बच्चों की सेहत का खास ध्यान रखें और स्कूल समय में हुए बदलाव की जानकारी बच्चों तक पहुंचाएं।







