तिरुवनंतपुरम, एजेंसियां : केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह भारत के धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक ताने-बाने को खतरे में डालने का काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) पर भी हमला बोला, जिसने 2019 के चुनाव में राज्य की 20 लोकसभा सीट में से 19 सीट पर जीत दर्ज की थी।
उन्होंने दावा किया, ‘‘देश में करोड़ों लोग डर और आशंका में जी रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाए जा रहे कदमों का विश्व समुदाय के सामने भारत की लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष देश होने की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।
विजयन ने कहा, ‘‘संयुक्त राष्ट्र और एमनेस्टी इंटरनेशनल जैसे संगठनों के साथ ही अमेरिका और जर्मनी जैसे देश भारत में हाल में हुए कुछ घटनाक्रम की आलोचना कर रहे हैं और यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या यहां लोकतांत्रिक तरीकों का पालन किया जा रहा है।’’
कई देशों और विश्व संगठनों ने शराब नीति घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के साथ ही विवादित नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के क्रियान्वयन को लेकर हाल में भारत की आलोचना की है।
इसे भी पढ़ें
कनाडा में हिरासत में लिए जाने के बाद पीआईए ने चालक दल की सदस्य को निलंबित किया