रांची। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण मिला है। निमंत्रण पाकर धोनी काफी उत्साहित हैं। सोमवार को झारखंड प्रदेश बीजेपी के पदाधिकारियों ने धोनी को आमंत्रण पत्र सौंपा।
बीजेपी के रांची जिला महानगर के महासचिव वरुण कुमार ने बताया कि प्रदेश बीजेपी के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह ने माही को न्योता दिया। उनसे 22 जनवरी को अयोध्या में आयोजित श्रीराम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में आने का आग्रह किया गया है। बताया जाता है कि महेंद्र सिंह धोनी ने न्योता देने के लिए आभार व्यक्त किया।
गिने चुने लोगों को ही भेजा गया है निमंत्रण
अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह है। उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में श्रीराम लला अयोध्या में निर्माणाधीन मंदिर के गर्भगृह में विराजेंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच प्रधानमंत्री मोदी राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। इसकी तैयारियां की जा रही है।
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कुछ केंद्रीय मंत्रियों सहित गिने-चुने लोगों को ही न्योता भेजा गया है। 22 जनवरी को अयोध्या में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए लोगों से घरों में दीया जलाने और उत्सव मनाने की अपील की गई है। 22 जनवरी के बाद लोग रामलला का दर्शन करने जा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें
इडी पर भड़के बंधु तिर्की, कहा-आदिवासियों से नाराजगी मोल लेना ठीक नहीं








