दिल्ली पुलिस ने किया फर्जी कॉल सेंटर चलानेवाले गिरोह का खुलासा, छह गिरफ्तार

2 Min Read


जामताड़ा : दिल्ली की साइबर पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कॉल सेंटर चलानेवाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 20,000 से ज्यादा एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद जामताड़ा के साइबर ठगों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार आरोपी जामताड़ा से ही फर्जी कॉल के जरिये देश भर के लोगों को साइबर ठगी का शिकार बनाते थे।

दिल्ली के आउटर नार्थ डिस्ट्रिक्ट साइबर क्राइम पुलिस को एक मामले में साइबर ठगी की शिकायत मिली थी। इसके बाद जब पुलिस ने छानबीन करनी शुरू की तो अपराध के तार जामताड़ा से जुड़ते चले गये। इसके बाद पुलिस ने जामताड़ा जाकर छापेमारी की और छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने 20,000 से ज्यादा एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए हैं। आरोपी लोगों को अपनी बातों में फंसाकर उनसे लाखों की ठगी करते थे।

इस बाबत दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि साइबर ठग बड़ी संख्या में फर्जी सिम कार्ड रखते थे। इनके जरिये लोगों को कॉल करके वे उनका एकाउंट नंबर अलग-अलग बहाने बनाकर मांगते थे। इसके बाद लोगों के लाखों रुपये अपने एकाउंट में ट्रांसफर कराकर वह सिम कार्ड बंद कर देते थे। इस वजह से पुलिस इन तक आसानी से नहीं पहुंच पाती थी। अगर पुलिस किसी तरह इन तक पहुंचती भी थी तो इन्हें पकड़ना आसान नहीं था क्योंकि ये झुंड बनाकर पुलिस पर हमला कर देते थे। हमले की कई घटनाएं पूर्व में हो चुकी हैं। पुलिस गिरफ्तार छह आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं