Chardham Yatra 2026
देहरादून, एजेंसियां। उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुक्रवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। देश-दुनिया के श्रद्धालु अब आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं। इस साल यात्रा की शुरुआत अप्रैल के तीसरे सप्ताह से होने जा रही है।
यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल से
यात्रा की शुरुआत 19 अप्रैल को यमुनोत्री धाम और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगी। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
ऐसे करें पंजीकरण
श्रद्धालु पर्यटन विभाग की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। स्मार्टफोन उपयोगकर्ता टूरिस्ट केयर उत्तराखंड ऐप डाउनलोड कर भी आवेदन कर सकते हैं। जो लोग ऑनलाइन पंजीकरण नहीं कर सकते, उनके लिए 17 अप्रैल से ऋषिकेश, हरिद्वार और देहरादून में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर खोले जाएंगे। किसी भी सहायता के लिए विभाग ने 0135-1364 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
इस बीच सरकार द्वारा दर्शनार्थियों की संख्या सीमित करने के फैसले का विरोध भी शुरू हो गया है। चारधाम होटल एसोसिएशन ने इसे स्थानीय व्यापार के लिए नुकसानदायक बताया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने कहा कि अगर सरकार ने इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया तो मार्च के दूसरे पखवाड़े से आंदोलन शुरू किया जाएगा। वहीं सरकार का कहना है कि हिमालयी क्षेत्र की सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए श्रद्धालुओं की संख्या नियंत्रित करना जरूरी है।







