बिहार में गैंगवारः अनंत सिंह पर फायरिंग मामले में सोनू ने किया सरेंडर [Gang war in Bihar: Sonu surrenders in the case of firing on Anant Singh]

3 Min Read

अनंत सिंह समर्थक रौशन भी गिरफ्तार

पटना, एजेंसियां। बिहार के मोकामा के पंचमहला थानांतर्गत नौरंगा जलालपुर गांव में बुधवार को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में स्थिति अब भी तनावपूर्ण बनी हुई है। घटना के 24 घंटे बाद 3 प्राथमिकी दर्ज हुई, इसके बावजूद गांव में शांति का कोई संकेत नहीं है। इस मामले में आरोपी सोनू सिंह ने आज सुबह पंचमहला थाना में जाकर सरेंडर कर दिया है, जबकि रौशन की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। इस बात की पुष्टि बाढ़ SDPO राकेश कुमार ने की।

घटना को लेकर 3 FIR दर्जः

बताया जा रहा है कि सोनू सिंह पर अपने मुंशी के साथ मारपीट करने का आरोप है। वहीं, रौशन अनंत सिंह का समर्थक है। अनंत सिंह पर फायरिंग के मामले में 3 FIR दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक FIR मुकेश सिंह ने दर्ज कराई है, जिनके घर पर सोनू और मोनू द्वारा तालाबंदी करने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा सोनू की मां उर्मिला देवी ने अनंत सिंह और उसके समर्थकों के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। इसमें मुखिया के आवास पर फायरिंग करने का जिक्र है। तीसरी FIR पुलिस ने दर्ज की है, जिसमें पुलिस पर ताला खोलते समय धक्का-मुक्की करने का आरोप है।

जमीन विवाद में हुई फायरिंगः

इस विवाद की जड़ एक मकान बताया जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, सोनू और मोनू के गिरोह ने एक परिवार के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें घर से बाहर निकालकर ताला जड़ दिया। इस पर पूर्व विधायक अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ सोनू और मोनू के घर पर हमला करने पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों में ताबड़तोड़ फायरिंग हुई।

मामले में ASP ने इस बात की पुष्टि की है कि फायरिंग सोनू और मोनू के घर से हुई थी। इस दौरान गांव में 50-60 राउंड गोलियां चलीं, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।

कुख्यात अपराधी हैं सोनू और मोनूः

मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के अनुसार, इस फायरिंग में शहनौरा के उदय यादव के गर्दन में गोली लगी है। उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

वहीं, फायरिंग के बाद सोनू और मोनू फरार हो गए। जानकारी हो कि दोनों आरोपी कुख्यात अपराधी माने जाते हैं, जो पहले ट्रेन लूटपाट और बाद में सुपारी लेकर हत्याएं करते रहे हैं।

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं