अहमदाबाद, एजेंसियां। फिल्म अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपी पकड़े गए हैं। सोमवार देर रात मुंबई क्राइम ब्रांच ने गुजरात के भुज से दोनों को पकड़ा।
इनकी पहचान विक्की साहेब गुप्ता और सागर श्रीजोगेंद्र पाल के तौर पर हुई है। दोनों ही बिहार के रहने वाले हैं। इन्हें आज मुंबई लाया जाएगा।
इन दोनों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के सामने 14 अप्रैल की सुबह 5 बजे फायरिंग की थी। दोनों बाइक पर सवार होकर आए और 4 राउंड फायर किए।
फायरिंग के वक्त सलमान अपने घर में ही थे। घटना के बाद सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
एक CCTV फुटेज में दिख रहा है दोनों आरोपियों ने स्पोर्ट्स कैप पहन रखी है और कंधे पर बैग टांगा हुआ था। इस फुटेज में दोनों सलमान के घर की तरफ फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लॉरेंस गैंग के हैं। खान को लॉरेंस-गोल्डी बराड़ गैंग ने जान से मारने की धमकी दी थी।
फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस के भाई अनमोल ने एक ऑनलाइन पोस्ट में इस वारदात की जिम्मेदारी ली थी। उसने इस वारदात को ट्रेलर बताया और सलमान को वॉर्निंग दी।
हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट की पुष्टि नहीं की है। लॉरेंस कई हाई-प्रोफाइल लोगों के मर्डर के आरोप में इस वक्त तिहाड़ जेल में है।
इसे भी पढ़ें