Train cancelled:
रांची। रांची रेलवे स्टेशन के री-मॉडलिंग और इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से 10 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 तक रेल परिचालन में बड़े बदलाव होने वाले हैं। इस अवधि में कुल 20 ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि 10 ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट किया जाएगा। हटिया, रांची, बोकारो, दुमका, आसनसोल और खड़गपुर रूट पर इसका सीधा असर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर चेक कर लें।
10 दिसंबर से 7 जनवरी तक हटिया–टाटानगर एक्सप्रेस, हटिया–सांकी पैसेंजर, रांची–बोकारो पैसेंजर सहित कई ट्रेनें रद्द रहेंगी। 23 दिसंबर से 7 जनवरी के बीच खड़गपुर–रांची एक्सप्रेस, धनबाद–रांची एक्सप्रेस, दुमका–रांची–दुमका एक्सप्रेस और रांची–चोपन एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें भी विभिन्न तिथियों में रद्द की गई हैं। रांची–भागलपुर–रांची एक्सप्रेस 6 और 7 जनवरी को नहीं चलेगी। कई ट्रेनें अपने मूल गंतव्य तक नहीं जाएंगी और बीच के स्टेशनों पर ही समाप्त की जाएंगी। वर्द्धमान–हटिया एक्सप्रेस बोकारो स्टील सिटी तक, आसनसोल–रांची मेमू और खड़गपुर–हटिया एक्सप्रेस मुरी स्टेशन तक शॉर्ट-टर्मिनेट होंगी। आसनसोल–हटिया एक्सप्रेस मेसरा स्टेशन तक चलाई जाएगी। रांची–सासाराम एक्सप्रेस और उसकी रिटर्न ट्रेन पिस्का स्टेशन से शुरू/समाप्त होंगी।
इस एक महीने की अवधि में रांची स्टेशन पर बड़े पैमाने पर तकनीकी कार्य होंगे, इसलिए अधिकांश रूट प्रभावित रहेंगे। यात्रियों को समय पर ट्रेन अपडेट देखने की सलाह दी गई है।







