Holi 2026 flight fare hike: होली से पहले घर वापसी बनी सिरदर्द, फ्लाइट का किराया आसमान पर

4 Min Read

Holi 2026 flight fare hike

रांची। होली से पहले घर लौटने की आपाधापी तेज हो गई है। खासकर रांची आने वाले प्रवासी लोगों की मुश्किलें इस बार और बढ़ गई हैं। महानगरों में काम करने वाले लोग किसी तरह टिकट का इंतजाम कर अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हवाई किरायों में बेतहाशा बढ़ोतरी और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट ने त्योहार की खुशी फीकी कर दी है।

फ्लाइट का किराया ढाई से तीन गुना

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे शहरों से रांची आने वाली फ्लाइटों में सीटों की भारी किल्लत है। सामान्य दिनों की तुलना में किराया ढाई से तीन गुना तक पहुंच चुका है। झारखंड चैंबर की टूरिज्म कमेटी के चेयरमैन और दृष्टि ट्रैवल्स के संचालक शैलेश अग्रवाल के अनुसार, रोजाना 50 से अधिक इन्क्वायरी आ रही हैं, लेकिन यात्रियों को न तो सीट मिल पा रही है और न ही जेब के मुताबिक किराया। मजबूरी में कई लोग महंगे टिकट खरीद रहे हैं।

ट्रेनों में लंबी वेटिंग

रेलवे द्वारा पर्याप्त होली स्पेशल ट्रेनें नहीं चलाए जाने से नियमित ट्रेनों पर दबाव बढ़ गया है। कई प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 से 150 के पार पहुंच चुकी है।

कोलकाता-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस : 2 मार्च तक सभी श्रेणियों में वेटिंग
हावड़ा-हटिया क्रिया योगा एक्सप्रेस : 2 मार्च तक वेटिंग
जम्मू तवी-संबलपुर एक्सप्रेस : स्लीपर और सेकेंड एसी में रिग्रेट
झारखंड संपर्क क्रांति एक्सप्रेस : 4 मार्च तक वेटिंग
नई दिल्ली-रांची गरीब रथ एक्सप्रेस : होली तक 150 वेटिंग
झारखंड एक्सप्रेस दिल्ली-हटिया : सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग
लोकमान्य तिलक-हटिया एक्सप्रेस : होली तक लंबी वेटिंग
एलटीटी-गया एक्सप्रेस : स्लीपर में 100 से ज्यादा वेटिंग
बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस : सभी श्रेणियों में लंबी वेटिंग
एल्लेपी-धनबाद एक्सप्रेस : होली तक वेटिंग

प्राइवेट गाड़ियों का सहारा

ट्रेन और फ्लाइट में जगह नहीं मिलने पर लोग प्राइवेट गाड़ियों का सहारा ले रहे हैं। हालांकि यहां भी त्योहार के नाम पर किराया बढ़ा दिया गया है। कई यात्री दोस्तों के साथ मिलकर गाड़ी बुक कर रहे हैं, ताकि खर्च साझा किया जा सके।

रांची-आनंद विहार होली स्पेशल से राहत

भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने रांची-आनंद विहार होली स्पेशल चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 28 फरवरी और 7 मार्च को रांची से शाम 4:25 बजे रवाना होकर अगले दिन शाम 6 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में 1 मार्च और 8 मार्च को आनंद विहार से शाम 7:30 बजे खुलकर अगले दिन शाम 7:10 बजे रांची पहुंचेगी। इससे दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

इन रूटों पर अभी सीटें उपलब्ध

झारखंड रेल यूजर एसोसिएशन के सह सचिव ऋतिक राज के अनुसार, रांची से गोरखपुर और झंझारपुर के लिए चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों में अभी सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा वाया रांची चलने वाली कुछ अन्य ट्रेनों में भी सीमित सीटें मिल सकती हैं। त्योहार की उमंग के बीच सफर की बढ़ती लागत और टिकट की मारामारी ने यात्रियों की चिंता बढ़ा दी है। अब सबकी नजर रेलवे और एयरलाइंस की अतिरिक्त व्यवस्थाओं पर टिकी है।

Share This Article