रांची। झारखंड एशियन महिला हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के आयोजन में गड़बड़ी के आरोप के बाद खेल निदेशक सुशांत गौरव को उनके पद से हटा दिया गया है।
उनके जगह पर बोकारो के डीडीसी संदीप कुमार को नया खेल निदेशक बनाया गया है। इसे लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार व राजभाषा विभाग ने अधिसूचना भी जारी कर दी है।
बता दें कि राज्य के 9 अधिकारियों के तबादले को लेकर कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राज्यभाषा विभाग की तरफ से नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है।
इसमें खेल निदेशक सुशांत गौरव की जगह पर बोकारो के डीडीसी संदीप कुमार को खेलकूद, पर्यटन कला संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग के नए निदेशक के रूप में पदभार सौंपा गया है।
हालांकि, सुशांत गौरव का पदस्थापन किसी भी विभाग में नहीं किया गया है। इस वक्त वे उद्योग विभाग के निदेशक के अतिरिक्त प्रभार पर है। अन्य अधिकारियों के तबादले की सूची इस प्रकार है।
जानें किसका कहां हुआ तबादलाः
- बोकारो डीडीसी संदीप कुमार को निदेशक खेलकूद, पर्यटन कला संस्कृति एवं युवा कार्य विभाग के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- संयुक्त सचिव झारखंड लोक सेवा आयोग इश्तियाक अहमद को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक डीडीसी पाकुड़ के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- संयुक्त सचिव अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग, कल्याण विभाग के मो. शब्बीर अहमद को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक डीडीसी पलामू के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- संयुक्त सचिव, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के गिरिजा शंकर प्रसाद को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक डीडीसी बोकारो के पद पर पदस्थापित किया जाता है।
- भूमि सुधार उप समाहर्त्ता, सिमरिया (चतरा) के बिनोद प्रजापति को सेवा राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग, झारखंड, रांची से वापस लेते हुए अगले आदेश तक अवर सचिव, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग, कल्याण विभाग, झारखंड, रांची के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- अवर सचिव, योजना एवं विकास विभाग के रवि प्रकाश को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक अपने वेतनमान में अपर नगर आयुक्त आदित्यपुर नगर निगम के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर के अनंत कुमार को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक अपर नगर आयुक्त चास नगर निगम के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- अपर समाहर्त्ता साहिबगंज के पद पर पदस्थापित राज महेश्वरम को स्थानांतरित करते हुए अगले आदेश तक अपर समाहर्त्ता, गढ़वा के पद पर पदस्थापित किया गया है।
- प्रखंड विकास पदाधिकारी, पदमा (हजारीबाग) के पद पर पदस्थापित मृत्युंजय कुमार की सेवा ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड, रांची से वापस लेते हुए अगले आदेश तक कार्यपालक दंडाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के पद पर पदस्थापित किया गया है।

इसे भी पढ़ें
एनके सिंह बने प्रधान वन संरक्षक, वन सेवा के 40 अफसरों का ट्रांसफर, देखें पूरी लिस्ट