रांची,एजेंसियां। खूंटी की सूरत बदलने वाली है। यहां बाईपास सड़क बनेगी, जो फोरलेन होगी।
साथ ही खूंटी से रांची तक की सड़क को फोरलेन किया जायेगा। खूंटी तुपुदाना फोरलेन और खूंटी बाईपास निर्माण की आधारशिला सोमवार को केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने रखी।
केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रोजेक्ट की आधारशिला ऑनलाईन रखी।
मौके पर गडकरी ने कहा कि इससे झारखंड में परिवहन की दिशा में आधुनिक संरचनाओं को मजबूती देने में मदद मिलेगी।
कहा कि फोरलेन का सीधा मकसद परिवहन के साथ क्षेत्र में विकास की गति को बढावा देना है।
बता दें गडकरी ने देशभर के लिए लगभग 2500 करोड़ की फोरलेन और राजमार्ग योजनाओं की आधारशिला रखी है। इसी में तुपुदाना से लेकर खूंटी तक की फोरलेन परियोजना भी शामिल है।
परियोजना की ऑनलाइन शुरूआत करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि तुपुदाना से खूंटी तक फोरलेन बन जाने से स्थानीय लोगों को इससे सीधा फायदा होगा।
यात्रा में लगने वाला समय बचेगा और स्थानीय उत्पाद को बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे लोगों की आय बढ़ेगी और रोजगार के दूसरे अवसर भी खुलेंगे।
गडकरी ने बताया कि परियोजना में बेड़ो से खूंटी रोड का चौड़ीकरण और ऊंचाईकरण भी शामिल है। परियोजना का मुख्य क्षेत्र कुंडीबारटोली खंड है।
इसे भी पढ़ें
पलामू सेंट्रल जेल में छापा, लोकसभा चुनाव को लेकर कार्रवाई शुरू