Free checkups is over:
धनबाद, एजेंसियां। धनबाद सदर अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों को अब पैथोलॉजी जांच के लिए नाममात्र शुल्क देना होगा। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर यह नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू हो गई है। अस्पताल प्रबंधन द्वारा तैयार प्रस्ताव को उपायुक्त ने स्वीकृति दे दी है, और जल्द ही विभिन्न जांचों के लिए शुल्क की सूची जारी की जाएगी।
अब तक सभी जांचें थीं नि:शुल्क:
अब तक सदर अस्पताल में सभी तरह की पैथोलॉजी जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की जाती थीं। हालांकि, बढ़ती लागत, उपकरणों के रखरखाव और नई मशीनों की आवश्यकता को देखते हुए प्रशासन ने मामूली शुल्क वसूलने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे मरीजों को बेहतर और समय पर जांच सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही, इससे अस्पताल की आय में वृद्धि होगी जिससे नए उपकरणों की खरीद और पुराने उपकरणों की मरम्मत में सहायता मिलेगी।
अलग-अलग जांचों के लिए तय होगा शुल्क:
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, विभिन्न जांचों के लिए अलग-अलग दरें निर्धारित की जाएंगी।
ब्लड टेस्ट, यूरिन टेस्ट, शुगर, थायरॉइड, हीमोग्लोबिन और अन्य पैथोलॉजी जांचों के लिए मामूली राशि ली जाएगी। इन दरों को अंतिम रूप देने से पहले सिविल सर्जन कार्यालय से स्वीकृति ली जाएगी।
रजिस्ट्रेशन शुल्क पहले ही तय:
अस्पताल प्रबंधन पहले ही प्रति मरीज ₹5 रजिस्ट्रेशन शुल्क लागू करने का निर्णय ले चुका है, जो 1 नवंबर से प्रभावी होगा। अब इसी क्रम में पैथोलॉजी जांच शुल्क भी जोड़ा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शुल्क बहुत ही न्यूनतम रखा जाएगा ताकि गरीब और सामान्य मरीजों पर इसका बोझ न पड़े।
इसे भी पढ़ें
Ranchi Sadar Hospital: रांची सदर अस्पताल में नर्सों का किया प्रदर्शन, जानिए क्या है पूरा मामला