बढ़ गई है कोयलांचल में हलचल
रांची। झारखंड के कोयलांचल में एक बाहुबली के कारण सिंह मेंशन की टेंशन बढ़ गई है। और सिर्फ सिंह मेंशन की टेंशन ही नहीं बढ़ी है, बल्कि पूरे कोयलांचल में हलचल भी बढ़ गई है। दरअसल बीजेपी के पूर्व विधायक और बाहुबली पुत्र संजीव सिंह की तबीयत ठीक नहीं है।
स्वर्गीय सूर्यदेव सिंह के पुत्र और झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सेहत को लेकर परेशान हैं। करीब छह साल से वह जेल में हैं। अपने चचेरे भाई और धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में वह न्यायिक हिरासत में हैं।
पिछले एक साल से उनकी सेहत ठीक नहीं है। पिछले दिनों उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया था। फिर झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड ने उन्हें एम्स दिल्ली भेजने की जरूरत बताई थी।
फिर मेडिकल बोर्ड ने जेल आइजी से उन्हें दिल्ली भेजने की अनुशंसा की थी। बीते छह जनवरी को ही जेल आइजी ने संजीव सिंह को दिल्ली के एम्स में इलाज कराने की अनुमति दी थी। उन्हें चार सप्ताह के लिए दिल्ली जाने की अनुमति मिली थी।
इसी आलोक में बीते रविवार को संजीव सिंह को रिम्स से दिल्ली भेजा जा रहा था। रिम्स हॉस्पिटल से निकल कर जैसे ही उनकी एंबुलेंस कोकर पहुंची, संजीव सिंह के सीने में तेज दर्द उठा। उनकी हालत देख एंबुलेंस में मौजूद चिकित्साकर्मी उन्हें वापस रिम्स ले आये।
आनन फानन में डॉक्टरों की टीम ने उनकी जांच की और पूरी रात उन्हें गहन निगरानी में रखा। फिर अगले दिन यानी सोमवार को काफी जद्दोजहद कर उन्हें दिल्ली भेजा गया। अब अगले चार सप्ताह तक वह दिल्ली में ही रहेंगे। वहां एम्स में उनका इलाज किया जायेगा।
बताते चलें कि इससे पहले धनबाद जेल में भी संजीव सिंह की तबीयत कई बार बिगड़ी थी। राज्य सरकार पर उनकी चिकित्सा सही ढंग से नहीं कराये जाने का आरोप भी लगा था। इससे तंग आकर अपने वकील के माध्यम से संजीव सिंह ने कोर्ट से इच्छा मृत्यु की मांग कर दी थी।
इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर संजीव सिंह को इलाज के लिए रांची भेजने का निर्णय लिया गया था। बावजूद इसके उन्हें रिम्स रेफर करने में समय लग गया था। बहरहाल संजीव सिंह इलाज के लिए अब दिल्ली चले गये हैं।
इधर उनकी सेहत का हाल जान कोयलांचल में हलचल बढ़ गई है। सिंह मेंशन के लोग चिंतित है। बता दें कि सिंह मेंशन में फिलहाल संजीव सिंह और उनका परिवार ही है। कुंती निवास में संजीव सिंह के छोटे भाई सिद्धार्थ अपने परिवार के साथ रहते हैं।
सिंह मेंशन से जुड़ी छोटी से छोटी गतिविधि भी धनबाद तथा कोयलांचल में हलचल पैदा कर देती है। वहीं सिंह मेंशन का विरोधी गुट भी यहां होनेवाली गर छोटी-बड़ी गतिविधि पर नजरें गड़ाये रहता है।
इसे भी पढ़ें
सीएम के प्रेस सलाहकार पिंटू से आज ईडी करेगी पूछताछ, पहुंचने पर संशय