Tejashwi Yadav:
पटना, एजेंसियां। बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजद नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज से अपनी बिहार अधिकार यात्रा शुरू कर दी है। यह यात्रा पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें तेजस्वी राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे और बेरोजगारी, पलायन, किसानों की समस्याएं, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर जनता से सीधे संवाद स्थापित करेंगे।
तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया पर साझा की वीडियो
तेजस्वी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि इस बार आरजेडी ही सत्ता में आएगी। वीडियो में उन्होंने लिखा कि बिहार के हर कोने में उनका नारा गूंज रहा है। राजद ने इस यात्रा का प्रचार करते हुए लोगों से अपील की, “चलो बिहार, बिहार बदलें”, और 20 साल पुरानी खटारी सरकार को हटाने का आह्वान किया।
गिरिराज सिंह का तंज
इधर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी की यात्रा पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि तेजस्वी को अकेले नहीं बल्कि पूरा परिवार और लालू यादव को भी साथ लेकर यात्रा करनी चाहिए, ताकि उन्हें समझ में आए कि असली विकास किसने किया। गिरिराज सिंह ने दावा किया कि लालू यादव के शासन में गरीबों से पूछा जाता था कि बिजली और सड़क का क्या करेंगे, जबकि आज नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी राज्य को नए मुकाम पर ले आई है। उन्होंने तेजस्वी की यात्रा को महज राजनीतिक स्टंट बताया और कहा कि जनता अब समझ चुकी है कि कौन वास्तविक विकास कर रहा है।
यात्रा का रूट
• 16 सितंबर: जहानाबाद से शुरुआत, नालंदा के इस्लामपुर, हिलसा, फतुहा होते हुए पटना में विश्राम
• 17 सितंबर: बख्तियारपुर क्षेत्र के राघोपुर हाट, बाढ़, मोकामा, बेगूसराय दौरा
• 18 सितंबर: बेगूसराय से आगे की यात्रा
• 19 सितंबर: मेधपुरा से यात्रा
• 20 सितंबर: समस्तीपुर से शुरू होकर शाम में 10 सर्कुलर रोड, पटना में समाप्त
इसे भी पढ़ें
CM Nitish: बिहारः CM नीतीश ने महिलाओं को दी सौगात, 80 पिंक बसें हुई शुरू