Weather in Jharkhand:
रांची। झारखंड में मानसून सक्रिय है। गुरुवार से ही लगातार बारिश हो रही है। शुक्रवार को भी अधिकतर हिस्सों में बारिश हुई, जो शनिवार को भी जारी है।
निचले इलाके जलमग्नः
3 दिनों की बारिश से हर जगह निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश ने चतरा के चार प्रखंड पत्थलगडा, गिद्धौर, कान्हाचट्टी और ईटखोरी में तबाही मचाई।

जिले में पिछले 24 घंटे में 106 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे यहां बाढ़ जैसे हालात बन गए। करीब 600 घर पानी में घिर गए। नदियां उफना गईं। पुल के ऊपर से पानी बहने लगा।
घर में सो रहा दंपति पानी में बहाः
गिद्धौर के कटघरा गांव में नदी किनारे एक घर में पानी घुस गया। बहाव इतना तेज था कि घर में सो रहे पति-पत्नी को बहा ले गया। पति का शव पास के एक खेत में मिला। पत्नी की खोजबीन जारी है।
रांची में बारिश से हाल-बेहालः
बारिश से न केवल चतरा बल्कि रांची में भी जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश की वजह से रांची में स्वर्णरेखा का जलस्तर बढ़ रहा है। चुटिया और नामकुम को जोड़ने वाली सड़क पर बने पुल के ऊपर पानी बह रहा है। वहीं धुर्वा डैम के सभी गेट को खोला गया है। पहले पानी ओवरफ्लो हो कर बहने लगा था।
जमशेदपुर में बाढ़ जैसे हालातः
वहीं, जमशेदपुर में हो रही लगातार बारिश के बाद स्वर्णरेखा एवं खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर बह रहा है। स्वर्णरेखा नदी का खतरे का निशान मानगो पुल पर 121.50 मीटर है, जो अभी 121.64 मीटर पहुंच गया है। इसी तरह खरखई नदी में आदित्यपुर पुल के पास खतरे का निशान 129 मीटर है। यहां नदी का जलस्तर 130.15 मीटर हो गया है।
तीन दिन सक्रिय रहेगा मानसूनः
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में अगले तीन दिन तक मानसून सक्रिय रहेगा। शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं रांची, खूंटी, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी पलामू और रांची के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इस दौरान 30-40 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। ठनका भी गिर सकता है। वहीं 25 अगस्त को पश्चिमी और मध्य क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना है।
इसे भी पढ़ें
Swarnarekha river: जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफनाईं, प्रशासन ने लोगों को किया सतर्क