Stock Market: शेयर बाजार में उछाल, सेंसेक्स 420 अंक चढ़ा

3 Min Read
Stock market: मुंबई, एजेंसियां। वैश्विक सकारात्मक संकेतों के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की।

Stock Market

मुंबई, एजेंसियां। भारतीय शेयर बाजार ने शुक्रवार को मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की। चार दिनों की लगातार गिरावट के बाद निवेशकों की धारणा में सुधार देखने को मिला और बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स व निफ्टी हरे निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स करीब 420 अंकों की तेजी के साथ 84,900 के स्तर के आसपास पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,900 के ऊपर कारोबार करता नजर आया। इससे पहले गुरुवार को सेंसेक्स 77.84 अंक गिरकर 84,481.81 और निफ्टी 3 अंक फिसलकर 25,815.55 पर बंद हुआ था।

शुक्रवार को बाजार में तेजी का क्या है कारण?

शुक्रवार को बाजार में तेजी के पीछे वैश्विक संकेतों की अहम भूमिका रही। नवंबर के लिए अमेरिका के उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति (CPI) के आंकड़े उम्मीद से कम रहने से अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में आगे और कटौती की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। इसका सकारात्मक असर दुनियाभर के शेयर बाजारों पर पड़ा, जिसका फायदा भारतीय बाजार को भी मिला। शुरुआती सत्र में सेंसेक्स 448.27 अंक चढ़कर 84,930.08 और निफ्टी 131 अंक बढ़कर 25,946.55 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, पावर ग्रिड और टीसीएस जैसे दिग्गज शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। वहीं, शुरुआती कारोबार में रुपया भी अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 10 पैसे मजबूत होकर 90.10 पर पहुंच गया।

क्या है एशियाई बाजार का हाल?

एशियाई बाजारों में भी मजबूती का रुख रहा। जापान का निक्केई 225, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी मजबूती के साथ बंद हुए थे। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार के मुताबिक, अमेरिका में मुद्रास्फीति में सुधार वैश्विक बाजारों के लिए सकारात्मक संकेत है। वहीं, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने गुरुवार को 595.78 करोड़ रुपये और घरेलू निवेशकों ने 2,700 करोड़ रुपये से अधिक के शेयर खरीदे, जिससे बाजार को अतिरिक्त समर्थन मिला।

Share This Article