डोपिंग विवाद में फंसा श्रीलंकाई क्रिकेटर, क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से किया गया बैन [Sri Lankan cricketer embroiled in doping controversy, banned from all formats of cricket]

3 Min Read

कोलंबो, एजेंसियां। क्रिकेट जगत से बड़ी खबर निकल कर सामने आ रही है। डोप टेस्ट में फेल होने पर श्रीलंकाई विकेटकीपर-बल्लेबाज निरोशन डिकवेला को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से बैन कर दिया गया है।

डिकवेला पर ये बैन हाल ही में संपन्न लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) के दौरान कथित डोपिंग रोधी उल्लंघन के कारण लगाया गया है।

हालांकि ये बैन कब तक रहेगा, इस बारें में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी निकलकर सामने नहीं आई है।

सूत्रों के मुताबिक जांच जारी रहने तक डिकवेला पर अनिश्चितकालीन बैन लग सकता है। बोर्ड की ओर से जल्द ही आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है।

डिकवेला एलपीएल 2024 में टीम गाले मार्वल्स के कप्तान थे। बतौर ओपनर उन्होंने 153.33 की स्ट्राइक रेट से 10 पारियों में सिर्फ 184 रन बनाए।

उनकी टीम टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची, लेकिन जाफना किंग्स से बुरी तरह हार गई। डिकवेला ने इस मैच में 8 गेंदों पर सिर्फ पांच रन बना सके।

विवादों से रहा है पुराना नाता

31 साल के क्रिकेटर का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले साल 2021 में इंग्लैंड में बायो-बबल उल्लंघन के कारण उन्हें दानुष्का गुणथिलाका और कुसल मेंडिस के साथ एक साल के लिए बैन कर दिया गया था।

वह लंबे समय से श्रीलंकाई टीम का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट मार्च 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ और अपना आखिरी व्हाइट-बॉल इंटरनेशनल मैच जून 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे के तौर पर खेला था।

T20 खेलते हुए उन्हें काफी समय बीत चुका है। 21 जून 2021 को उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी T20 मुकाबला खेला था।

ऐसा रहा है डिकवेला का करियर

निरोशन डिकवेला के करियर पर नजर डालें तो उन्होंने श्रीलंका के लिए 54 टेस्ट और 55 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनके नाम टेस्ट में 2757 और वनडे में 1604 रन दर्ज हैं।

वनडे में उन्होंने 2 शतक भी लगाए हैं। वहीं क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट T20 में उन्हें 28 मैच खेलने का अनुभव है।

T20 में उनके बल्ले से 131.14 के स्ट्राइक रेट से 480 रन निकले हैं जिसमें सिर्फ एक शतक शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें

पूर्व दिग्गज इंग्लिश क्रिकेटर बना श्रीलंका का बल्लेबाजी कोच

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं