Smriti Mandhana
नई दिल्ली, एजेंसियां। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना व्यक्तिगत कठिन दौर के बावजूद मैदान पर लौट आई हैं। रविवार को मंधाना ने आधिकारिक रूप से घोषणा की थी कि उनकी शादी संगीतकार पलाश मुछाल के साथ रद्द हो गई है। इस भावनात्मक घोषणा के अगले ही दिन वह नेट्स में अभ्यास करती नजर आईं, जिससे उनकी क्रिकेट के प्रति समर्पण एक बार फिर सामने आया।
नेट्स पर वापसी और सोशल मीडिया प्रतिक्रिया
मंधाना सोमवार को टीम की ट्रेनिंग जर्सी में पैड पहनकर बल्लेबाजी अभ्यास करते दिखाई दीं। उनके भाई ने इंस्टाग्राम पर नेट्स से उनकी एक तस्वीर साझा की, जिस पर दिल का इमोजी लगाकर बहन का हौसला बढ़ाया। यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, और फैन्स तथा क्रिकेट प्रेमियों ने मंधाना की प्रोफेशनलिज़्म और राष्ट्रीय टीम के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।
मंधाना हाल ही में भारत की ODI विश्व कप जीत में भी महत्वपूर्ण योगदान दे चुकी हैं, और अब वह आगामी श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह सीरीज 21 से 30 दिसंबर के बीच विशाखापत्तनम और तिरुवनंतपुरम में खेली जाएगी और अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप की तैयारी के नजरिए से बेहद अहम मानी जा रही है।
शादी टूटने की आधिकारिक घोषणा
मंधाना और पलाश मुछाल की शादी 23 नवंबर को सांगली में होनी थी। रस्में शुरू भी हो चुकी थीं, लेकिन शादी टलने की खबर उसी शाम सामने आई। 17 दिन बाद दोनों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए पुष्टि की कि शादी रद्द कर दी गई है।
इंस्टाग्राम स्टोरी में मंधाना ने लिखा कि उनकी प्राथमिकता हमेशा भारत का प्रतिनिधित्व करना रही है, और वह देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर केंद्रित हैं। उन्होंने आगे लिखा, “अब आगे बढ़ने का समय है।”श्रीलंका सीरीज के बाद मंधाना 2026 की शुरुआत में होने वाली महिला प्रीमियर लीग (WPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की कप्तान के रूप में भी उतरेंगी। मैदान पर उनकी यह तेज वापसी बताती है कि वह नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने को तैयार हैं।







