Obami Murmu gold medal
रांची। लखनऊ में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली अंडर-17 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की होनहार खिलाड़ी ओबामी मुर्मू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन ओबामी ने 5.60 मीटर की बेहतरीन छलांग लगाकर देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और शैक्षणिक इकाइयों के खिलाड़ियों ने भाग लिया था। कड़े मुकाबलों के बीच ओबामी का आत्मविश्वास और तकनीकी कौशल देखने लायक रहा। उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ झारखंड को पदक दिलाया, बल्कि राज्य की उभरती खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर मजबूती से स्थापित किया।
झारखंड की एथलेटिक्स टीम
झारखंड की एथलेटिक्स टीम इस प्रतियोगिता में कोच जटाशंकर पांडेय, मैनेजर प्रशांत कुमार और गीतांजलि सिंह के मार्गदर्शन में शामिल हुई थी। टीम प्रबंधन और प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को अनुशासन, फिटनेस और तकनीक पर विशेष ध्यान दिया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया।ओबामी मुर्मू की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक शशि रंजन समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों और खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि ओबामी आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करेंगी।






