रांची। झारखंड की टीम ने राष्ट्रीय U-17 बालिका हॉकी SGFI प्रतियोगिता के फाइनल में हरियाणा को 5-2 से हरा कर शानदार जीत दर्ज की।
इस जीत में गुमला जिले की होनहार बेटियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। झारखंड टीम की इस ऐतिहासिक जीत में आवासीय बालिका हॉकी प्रशिक्षण केंद्र, कनेक्ट उर्सुलाइन, गुमला की पांच खिलाड़ी का हिस्सा रहीं। उन्होंने झारखंड को विजयी बनाने में अहम भूमिका निभायी।
फाइनल मैच में गुमला की पांच बेटियों ने किया कमालः
U-17 बालिका हॉकी SGFI प्रतियोगिता के फाइनल मैच में गुमला जिले की बेटियों ने राज्यच और जिले का नाम रोशन किया।
इनमें फूल कुमारी होरो, सीमा टोपनो, रीतु टोप्पो, रेबेका तिर्की और अंजिता कुजूर शामिल थीं। इन सभी खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन प्रदर्शन से मैदान पर कमाल कर दिखाया। उनकी मेहनत और खेल भावना ने झारखंड को देशभर में सम्मान दिलाया है।
गुमला में जश्नः
इस शानदार जीत के बाद गुमला में जश्न का माहौल है। स्थानीय प्रशासन, खेल प्रेमी और कोचिंग स्टाफ ने खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की प्रशंसा की है।
साथ ही साथ यह आशा जतायी है कि गुमला की ये बेटियां आने वाले समय में भारतीय हॉकी के भविष्य को नई ऊंचाइयों पर ले जायेंगी।
फाइनल मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन से मिली धमाकेदार जीतः
फाइनल मैच में झारखंड ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही हाफ में बढ़त बना ली। हरियाणा ने मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन झारखंड की मजबूत रक्षापंक्ति और आक्रामक खेल ने उन्हें ज्यादा मौके नहीं दिये।
गुमला की बेटियों ने अपनी तेज रणनीति और टीमवर्क से हरियाणा की टीम को पूरी तरह मात दी। बता दें कि गुमला जिले को झारखंड का हॉकी हब कहा जाता है।
यहां की मिट्टी से निकलने वाले खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अद्वितीय प्रदर्शन करते रहे हैं।
यहां के आवासीय बालिका हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण और संसाधन प्रदान किये जाते हैं, जो उनकी सफलता की कुंजी है।
इसे भी पढ़ें









