दुबई : युवा भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल इंग्लैंड के खिलाफ चल रही श्रृंखला में लगातार दोहरे शतक जड़कर 14 पायदान की छलांग से आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष 20 में पहुंच गये।
वह अभी बल्लेबाजी रैंकिंग में 15वें स्थान पर काबिज हैं। जडेजा और अश्विन टेस्ट आल राउंडर रैंकिंग में पहले दो स्थानों पर कायम हैं।
जडेजा ने आल राउंडर सूची में 416 से 469 की करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग से अपना स्थान मजबूत किया।
जायसवाल लगातार दो टेस्ट में दोहरे शतक जड़ने वाले सात क्रिकेटरों की जमात में शामिल हो गये।
22 साल के बायें हाथ के बल्लेबाज जायसवाल इस तरह विनोद कांबली और विराट कोहली के बाद लगातार दो टेस्ट शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा बल्लेबाजी रैंकिंग में एक पायदान के फायदे से 12वें स्थान पर पहुंच गये। उन्होंने राजकोट में पहली पारी में 131 रन बनाये थे।
शुभमन गिल (91) तीन पायदान के लाभ से 35वें स्थान पर पहुंच गये।
पदार्पण कर रहे सरफराज खान और ध्रुव जुरेल ने रैंकिंग में 75वें और 100वें स्थान से प्रवेश किया।
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली हालांकि व्यक्तिगत कारणों से श्रृंखला में नहीं खेल रहे हैं लेकिन वह सातवें स्थान शीर्ष 10 बल्लेबाजी सूची में एकमात्र भारतीय हैं।
इंग्लैंड के लिए सलामी बल्लेबाज बेन डकेट पहली पारी में 153 रन की मदद से 12 पायदान के फायदे से 13वें स्थान पर पहुंचने में सफल रहे।
न्यूजीलैंड के केन वेलियमसन ने बल्लेबाजी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शतक जड़ा था जिससे वह सात टेस्ट में सातवें सैकड़े से अरविंद डा सिल्वा, मोहम्मद युसूफ और क्लाइड वालकॉट के साथ यह उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों की जमात में शामिल हो गये।
इसे भी पढ़ें









