IPL 2026 ऑक्शन में उलटफेर, सरफराज खान से लियाम लिविंगस्टोन तक कई बड़े नाम रहे अनसोल्ड

2 Min Read

IPL 2026

नई दिल्ली, एजेंसियां। IPL 2026 की नीलामी जहां रिकॉर्ड तोड़ बोली के लिए याद की जाएगी, वहीं कई बड़े और चर्चित खिलाड़ियों का अनसोल्ड रह जाना भी सुर्खियों में है। एक ओर कैमरून ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने, तो दूसरी ओर सरफराज खान, पृथ्वी शॉ और इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन जैसे नामों पर किसी भी फ्रेंचाइजी ने दांव नहीं लगाया।

भारतीय बल्लेबाजों को नहीं मिला खरीदार

इस ऑक्शन में सबसे बड़ा झटका भारतीय खिलाड़ियों को लगा। इन-फॉर्म बल्लेबाज सरफराज खान, जिनसे लगातार अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, अनसोल्ड रहे। वहीं पृथ्वी शॉ, जिन्हें कभी भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सितारा माना जाता था, उन पर भी किसी टीम ने रुचि नहीं दिखाई। दोनों का बेस प्राइस 75 लाख रुपये था, इसके बावजूद उन्हें खरीदार नहीं मिला।

विदेशी सितारों का भी फीका रहा हाल

सिर्फ भारतीय ही नहीं, कई अंतरराष्ट्रीय स्टार भी इस बार अनसोल्ड रहे। इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन, जिन्होंने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखा था, नीलामी के पहले राउंड में ही बिना खरीदार के रह गए। इसके अलावा डेवोन कॉनवे, जॉनी बेयरस्टो, रचिन रवींद्र, रहमनुल्लाह गुरबाज और मुजीब उर रहमान जैसे नाम भी टीमों की रणनीति में फिट नहीं बैठ पाए।

अनसोल्ड खिलाड़ियों की प्रमुख सूची

अनसोल्ड लिस्ट में पृथ्वी शॉ, सरफराज खान, लियाम लिविंगस्टोन, डेवोन कॉनवे, जेक फ्रेजर मैकगर्क, जॉनी बेयरस्टो, दीपक हुड्डा, राहुल चाहर, महीश तीक्षणा, शिवम मावी, आकाशदीप और स्पेंसर जॉनसन समेत कई खिलाड़ी शामिल हैं।

रणनीति बनी वजह

क्रिकेट विशेषज्ञों के मुताबिक, फ्रेंचाइजियों ने इस बार प्रदर्शन के साथ-साथ फिटनेस, भूमिका और टीम संतुलन को प्राथमिकता दी। यही कारण रहा कि बड़े नाम होने के बावजूद कई खिलाड़ी आईपीएल 2026 की नीलामी में अनसोल्ड रह गए।

Share This Article