नयी दिल्ली: भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर और पूर्व कप्तान दत्ताजीराव गायकवाड़ का उम्र संबंधी बीमारियों के कारण मंगलवार को निधन हो गया।
वह भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और राष्ट्रीय कोच अंशुमान गायकवाड़ के पिता थे। वह 95 वर्ष के थे। दत्ताजीराव ने अपने करियर में इंग्लैंड दौरे के दौरान भारतीय टीम की कमान संभाली थी।
हालांकि उनका इंटरनेशनल करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा और उन्होंने सिर्फ 11 टेस्ट मैच ही भारत के लिए खेले थे। उनके निधन से क्रिकेट समेत पूरे खेल जगत में शोक की लहर है।
इरफान पठान (Irfan Pathan) और बीसीसीआई (BCCI) समेत कई हस्तियों ने इस दिग्गज के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट के जरिए दत्ताजीराव गायकवाड़ के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ‘बीसीसीआई भारत के पूर्व कप्तान और सबसे उम्रदराज टेस्ट क्रिकेटर दत्ताजीराव गायकवाड़ के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करती है।
उन्होंने भारत के लिए 11 टेस्ट मैच खेले और 1959 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर टीम का नेतृत्व किया। उनकी कप्तानी में बड़ौदा ने 1957-58 में फाइनल में सर्विसेज को हरकार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड गायकवाड़ जी के परिवार, दोस्तों और फैंस के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता है।’
इसे भी पढ़ें
आप दिल्ली में छह लोकसभा सीटों पर लड़ना चाहती है, कांग्रेस को एक सीट का प्रस्ताव : संदीप पाठक









