T20 World cup में आज पाकिस्तान से भिड़ेगी भारतीय महिला क्रिकेट टीम[Indian women’s cricket team will face Pakistan today in T20 World Cup.]

2 Min Read

दुबई, एजेंसियां ।ICC वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को अपनी खराब शुरुआत को भूलकर आज (6 अक्टूबर) दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने दूसरे मुकाबले में जीत दर्ज करनी होगी। भारतीय समयानुसार यह मैच दोपहर 3.30 बजे से शुरू होगा।

भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड कमजोर रहा है। दोनों टीमों के बीच 15 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से भारत ने 12 मैचों में जीत हासिल की है।

वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भी दोनों के बीच सात मुकाबले हुए हैं, जिनमें से भारत ने 5 में जीत दर्ज की है। हालांकि, पाकिस्तान ने 2012 और 2016 के वर्ल्ड कप में भारत को मात दी थी।

2024 वूमेन्स एशिया कप में हुए दोनों टीमों के आखिरी मुकाबले में भारत ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी, जो भारतीय टीम का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया फॉर्म को दिखाता है।

लेकिन इस वर्ल्ड कप में भारत को पहले ही मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 58 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जिससे भारतीय टीम को जीत की राह पर लौटने की जरूरत है।

वूमेन्स टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत अब तक खिताब नहीं जीत पाया है। साल 2020 में भारतीय टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसे 85 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।

ऑस्ट्रेलिया महिला टी20 वर्ल्ड कप के सबसे सफल टीम रही है, जिसने 6 बार यह खिताब जीता है, जबकि इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने भी एक-एक बार यह ट्रॉफी अपने नाम की है।

इस बार भारत के पास एक बार फिर खिताब जीतने का मौका है, लेकिन इसके लिए उसे ग्रुप स्टेज में अपने प्रदर्शन को सुधारना होगा।

इसे भी पढ़ें


महिला T20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान

Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं