IND-SA T20 series
अहमदाबाद, एजेंसियां। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शुक्रवार 19 दिसंबर को अहमदाबाद में खेला जाएगा। भारतीय टीम फिलहाल सीरीज में 2-1 से आगे है। चौथा मैच कोहरे के कारण रद्द हो गया था, ऐसे में यह मुकाबला सीरीज जीत के लिए अहम है। भारत के पास वनडे के बाद टी20 सीरीज जीतने का भी मौका है।
सूर्या की खराब फार्म से चिंताः
भारतीय टीम के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। सूर्यकुमार इस साल टी20 में कोई भी अर्धशतक नहीं लगा पाए हैं और उनका औसत भी काफी कम रहा है। इसके बावजूद टीम यह सीरीज नहीं हार सकती, जो मुख्य कोच गौतम गंभीर के लिए राहत की बात है। दूसरी ओर उपकप्तान शुभमन गिल पिछले मैच से पहले अभ्यास के दौरान चोटिल हो गए थे, जिससे उनका अंतिम मुकाबले में खेलना संदिग्ध है। ऐसे में टीम प्रबंधन कोई जोखिम नहीं लेना चाहेगा और संजू सैमसन को ओपनिंग में मौका मिल सकता है। सैमसन ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर अच्छा प्रदर्शन किया है।
टीम संयोजन शानदारः
टीम संयोजन की बात करें तो हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे बतौर ऑलराउंडर टीम का संतुलन बनाए हुए हैं। गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह लय में लौटते दिख रहे हैं। जसप्रीत बुमराह की वापसी के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि हर्षित राणा को अंतिम एकादश में मौका मिलता है या नहीं। अहमदाबाद की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, जिससे गेंदबाजों की परीक्षा होगी। इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
संभावित प्लेइंग-11
भारत : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती।
दक्षिण अफ्रीका : एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, डोनोवान फेरेरा, रीजा हेंड्रिक्स, जॉर्ज लिंडे, मार्को यानसेन, कॉर्बिन बॉश, लुंगी एनगिडी, ओटेनिल बार्टमैन।








