नई दिल्ली| गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब और मुंबई के बीच खेला गया मुकाबला इस सीजन के सबसे रोमांचक मुकाबलों में एक था।
मुकाबले को मुंबई ने नौ रन शेष रहते ही जीत लिया। भले ही मुंबई ने मैच में अपनी जीत दर्ज की हो, लेकिन लोग पंजाब के निचले श्रेणी के बल्लेबाजों के कसीदे पढ़ते नहीं थक रहे हैं।
मैच की शुरुआत पंजाब के टॉस जीतने से हुई। पंजाब ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में सात विकेट खोकर 192 रन बनाए। बल्लेबाजी में मुंबई के लिए सूर्य कुमार हीरो साबित हुए।
उन्होंने 53 गेंदों में 78 रन बनाए। इसके जवाब में पंजाब की टीम 183 रन बना सकी और 19.1 ओवर में ऑलआउट हो गई।
पंजाब के लिए सबसे बढ़िया बल्लेबाजी निचले श्रेणी के बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने की। मुंबई के लिए गेराल्ड कोएत्जी और जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी की।
दोनों ने तीन-तीन विकेट चटकाए। बुमराह को उनकी तीखी गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जीत के करीब जा पहुंची थी पंजाब
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत झटकों के साथ हुई। टीम ने 14 गेंदों के भीतर ही चार विकेट खो दिए थे।
पांचवां झटका हरप्रीत सिंह के रूप में लगा जो सिर्फ 13 रन बना कर आउट हो गए। मैच में पहली सफल साझेदारी हरप्रीत सिंह और शशांक सिंह के बीच हुई।
दोनों ने मिलकर 35 रन बनाए। शशांक दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 41 रन बनाने में सफल हुए।
मुंबई के खिलाफ आशुतोष शर्मा ने आक्रामक प्रदर्शन किया। उनके आने से मानो पंजाब की बल्लेबाजी में नई धार आ गई।
उन्होंने मात्र 28 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 217.85 के स्ट्राइक रेट से दो चौके और सात छक्के लगाए।
यह उनके करियर का पहला अर्धशतक है। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए और 17वें ओवर में गेराल्ड कोएत्जी की गेंद पर आउट हो गए।
आशुतोष के आउट के होने के बाद पंजाब ने मात्र 15 रन बनाकर तीन विकेट खो दिए और टीम 183 रनों पर ऑल आउट हो गई।
इसे भी पढ़ें









