Pakistan cancels India match: भारत के खिलाफ मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर BCCI का रिएक्शन

2 Min Read

Pakistan cancels India match

नई दिल्ली, एजेंसियां। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच न खेलने के पाकिस्तान के फैसले पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इस मुद्दे पर बयान देते हुए कहा है कि बोर्ड इस मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) से बातचीत के बाद ही कोई अंतिम रुख अपनाएगा।

राजीव शुक्ला ने कहा

राजीव शुक्ला ने कहा, “ICC ने इस पूरे मामले पर एक बयान जारी किया है, जिसमें स्पोर्ट्समैनशिप की बात की गई है। हम ICC के स्टैंड से पूरी तरह सहमत हैं। जब तक ICC से औपचारिक बातचीत नहीं हो जाती, तब तक BCCI इस पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा।”

गौरतलब है कि पाकिस्तान सरकार ने आधिकारिक तौर पर यह फैसला किया है कि पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मुकाबला नहीं खेलेगी। हालांकि सरकार के बयान में इस फैसले का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यह कदम उठा रहा है।

भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को मैच खेला जाना था

तय कार्यक्रम के अनुसार भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाना था। पाकिस्तान की टीम ग्रुप-ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका के साथ शामिल है और वह अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को नीदरलैंड के खिलाफ कोलंबो में करेगी।

पाकिस्तान के इस फैसले से क्रिकेट जगत में हलचल मच गई है और अब सभी की नजरें ICC के अगले कदम और इस पूरे मामले पर होने वाले आधिकारिक फैसले पर टिकी हुई हैं।

Share This Article
Exit mobile version