Rohit Shetty house attack: रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, 4 लोग हिरासत में; लॉरेंस गैंग के नाम से हमले का दावा

3 Min Read

Rohit Shetty house attack

मुंबई, एजेंसियां। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। इस मामले में पुणे पुलिस ने रविवार को चार लोगों को हिरासत में लिया है। घटना शनिवार देर रात जुहू इलाके में स्थित रोहित शेट्टी के आवास के बाहर हुई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 12:45 बजे नौ मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर हमलावरों ने फायरिंग की। कम से कम पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली इमारत में बने जिम के शीशे से जा टकराई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने हमले की जिम्मेदारी ली

इस बीच, मिडिया रिपोर्ट में एक फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट के आधार पर दावा किया गया है कि कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह पोस्ट शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई नाम के अकाउंट से साझा की गई बताई जा रही है। पोस्ट में न सिर्फ हमले की जिम्मेदारी ली गई है, बल्कि रोहित शेट्टी और बॉलीवुड को खुली धमकी भी दी गई है। पोस्ट में लिखा गया है कि यह “सिर्फ एक ट्रेलर” है और आगे बात नहीं मानी गई तो घर के बाहर नहीं, बल्कि बेडरूम में गोली चलाने की धमकी दी गई है। साथ ही बॉलीवुड को चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि समय रहते “लाइन पर आ जाओ”, वरना अंजाम और भी बुरा होगा।

कौन हैं शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई?

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुभम लोंकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक प्रमुख ऑपरेटिव माना जाता है। वह अक्टूबर 2024 में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले का मुख्य संदिग्ध और साजिशकर्ता बताया जाता है। आरजू बिश्नोई को भी गैंग का सक्रिय सदस्य माना जा रहा है, जो सोशल मीडिया के जरिए धमकियां और गैंग की गतिविधियों को संचालित करता है।

घटना के बाद रोहित शेट्टी के घर के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और फोरेंसिक टीमों ने मौके से सबूत जुटाए हैं और सोशल मीडिया पोस्ट की भी गहन जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है।

Share This Article
Exit mobile version