Hardik Pandya: एशिया कप 2025.. हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव की फिटनेस पर सवाल

3 Min Read

Hardik Pandya:

मुंबई, एजेंसियां। एशिया कप 2025 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की फिटनेस को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, हार्दिक पंड्या 11 और 12 अगस्त को बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में रूटीन फिटनेस टेस्ट से गुजरेंगे। इस टेस्ट के आधार पर उनकी फिटनेस का मूल्यांकन किया जाएगा। पंड्या ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच मार्च 2025 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे प्रारूप में खेला था।

पूरी तरह फिट नहीं हैं सूर्याः

वहीं, टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव की फिटनेस अभी पूरी तरह से बहाल नहीं हुई है। जून 2025 में जर्मनी के म्यूनिख में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी कराने वाले सूर्या को NCA में फीजियो और मेडिकल टीम की निगरानी में एक और हफ्ते तक रहना होगा, ताकि वह समय पर पूरी तरह फिट हो सकें।

सूर्या ने सर्जरी के बाद सोशल मीडिया पर अपनी रिकवरी की जानकारी साझा करते हुए लिखा था, “पेट के निचले दाएं हिस्से में स्पोर्ट्स हर्निया की सर्जरी सफल रही। अब मैं रिकवरी की राह पर हूं।” 34 वर्षीय सूर्या ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच फरवरी 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 प्रारूप में खेला था।

एशिया कप 2025 का शेड्यूल और टीमेः

एशिया कप 2025 का आयोजन यूएई में 9 सितंबर से 28 सितंबर तक होगा। इस टूर्नामेंट में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी, जो दो ग्रुप में बंटी हैं। ग्रुप-ए में भारत, पाकिस्तान, ओमान और यूएई शामिल हैं, जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हॉन्ग कॉन्ग हैं। प्रत्येक ग्रुप की टीमें आपस में एक-एक मैच खेलेंगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा, इसके बाद 14 सितंबर को पाकिस्तान और 19 सितंबर को ओमान से भिड़ेगा।

भारत का एशिया कप में दबदबाः

एशिया कप की शुरुआत 1984 में हुई थी और अब तक यह टूर्नामेंट 16 बार आयोजित हो चुका है। भारत ने सबसे ज्यादा 8 बार यह खिताब अपने नाम किया है, जबकि श्रीलंका ने 6 बार और पाकिस्तान ने 2 बार इस ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।

टीम चयन से पहले फिटनेस टेस्टः

एशिया कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान अभी बाकी है। इससे पहले खिलाड़ियों की फिटनेस की जांच की जा रही है। पिछले महीने श्रेयस अय्यर का फिटनेस टेस्ट भी किया गया था। भारतीय टीम प्रबंधन और चयनकर्ता यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि टूर्नामेंट के लिए सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट हों।

इसे भी पढ़ें

हार्दिक पंड्या की संपत्ति का 70 फीसदी हिस्सा लेंगी नताशा….?


Share This Article
Exit mobile version