मुंबई। इंग्लैंड के खिलाफ पहला टेस्ट हारने के बाद भारत को दो झटके और लगे हैं। 2 फरवरी से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया के दो प्लेयर चोट के कारण बाहर हो गये हैं। लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और बल्लेबाज केएल राहुल को अगले टेस्ट से बाहर रहना होगा।
अभी उनकी इंज्यूरी की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। इसके बाद ही पता चल पायेगा कि ये दोनों एक टेस्ट से बाहर रहेंगे या पूरी सीरीज से। इन दोनों खिलाडि़यों की जगह पर सौरभ कुमार, सरफराज खान और वॉशिंगटन सुंदर को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
बता दें कि पांच मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत 28 रन से हार गया था। जडेजा और राहुल इसी मैच के दौरान चोटिल हुए।
हैदराबाद में पहले टेस्ट के चौथे दिन जडेजा को हैमस्ट्रिंग में खिंचाव महसूस हुआ। पैर का स्कैन कराने के बाद उनकी रिपोर्ट्स आनी बाकी है। वहीं, केएल राहुल को थाई में दर्द की शिकायत है। इस कारण उन्हें भी दूसरे टेस्ट में आराम दिया गया है।
जडेजा की जगह स्क्वॉड में शामिल सौरभ कुमार भी लेफ्ट आर्म स्पिन बॉलर और उपयोगी बल्लेबाज हैं। घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए खेलने वाले सौरभ ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक 68 मैच खेले हैं।
इनमें उन्होंने 290 विकेट लेने के साथ-साथ 2061 रन भी बनाए हैं। सौरभ कुमार ने 24-27 जनवरी के बीच इंग्लैंड-ए के खिलाफ पहली पारी में 77 रन बनाए और मैच में 6 विकेट लिए थे।
इसे भी पढ़ें
पेपरलीक के विरोध में सड़क पर उतरे छात्र, सीएम का फूंका पुतला









