Kanwar Yatra:
नई दिल्ली/लखनऊ, एजेंसियां। सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ यात्रा की भव्य धूम रही, जिसमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में भक्तों का जोरदार स्वागत हुआ। इस धार्मिक पर्व पर लाखों कांवड़िये गंगाजल लेकर महादेव के मंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए सैंकड़ों किलोमीटर पैदल यात्रा करते हैं। प्रशासन और सरकार की ओर से उनकी सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ में कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनकी आस्था का सम्मान किया और कहा कि कांवड़ यात्रा की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी बताया कि उनके पास उपद्रवियों के सीसीटीवी फुटेज हैं, जिनके आधार पर पोस्टर चिपकाकर उन्हें बेनकाब किया जाएगा।
अनुज चौधरी ने संभल में कांवड़ियों का किया स्वागत
चंदौसी के सीओ अनुज चौधरी ने संभल में कांवड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें केले बांटे और बताया कि शिविरों में चिकित्सा व जल-फलों की व्यवस्था की गई है। बुलंदशहर में भी कांवड़ यात्रा के सभी मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, जहां हर किलोमीटर पर पेट्रोलिंग की जा रही है और सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने धौला कुआं में कांवड़ शिविर में भोजन परोसकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने भी कांवड़ियों पर फूलों की बारिश कर स्वागत किया।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में कांवड़ियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया और सभी प्रशासनिक अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वही मुजफ्फरनगर में महिला पुलिस अधिकारी ऋषिका सिंह का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह श्रद्धा भाव से कांवड़ियों के पैर दबाती नजर आईं।
इसे भी पढ़ें
Kanwar Yatra in Meerut: मेरठ में कांवड़ यात्रा के वजह से स्कूल-कॉलेज 16 से 23 जुलाई तक रहेंगे बंद