रांची : सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने लगभग दो साल बाद बहुप्रतीक्षित केंद्रीय कार्यकारिणी की रविवार को घोषणा की। केंद्रीय कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पदों पर सोरेन परिवार के छह लोग काबिज हैं। 18 दिसंबर 2021 को रांची में आयोजित केंद्रीय महाधिवेशन में शिबू सोरेन को केंद्रीय अध्यक्ष तथा हेमंत सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया था।
नई कार्यकारिणी में परिवार के चार अन्य लोगों को बड़ी जिम्मेदारी दी गयी है। शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन को जहां उपाध्यक्ष की जिम्मेवारी सौंपी गयी है वहीं, सीता सोरेन को पार्टी महासचिव बनाया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई और दुमका से विधायक बसंत सोरेन केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य बनाये गये हैं। इसी तरह हेमंत की बहन अंजलि सोरेन को भी केंद्रीय कार्यकारिणी में सदस्य के रूप में जगह दी गयी है।
इस तरह केंद्रीय कार्यकारिणी में परिवार के छह महत्वपूर्ण लोग काबिज हैं। अध्यक्ष शिबू सोरेन के हस्ताक्षर से जारी केंद्रीय समिति में प्रमुख नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। टीम में ज्यादा फेरबदल नहीं हुआ है। हालांकि, अरसे से खाली पड़े कोषाध्यक्ष पद पर भी नियुक्ति की गई है। केंद्रीय समिति में आठ उपाध्यक्ष, नौ महासचिव और सात सचिव समेत प्रवक्ताओं और कार्यकारिणी सदस्य सम्मिलत हैं।
इसे पार्टी की चुनावी तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। लगभग दो साल से केंद्रीय समिति के गठन का प्रस्ताव लंबित था। हाल ही में हरमू में आयोजित 12वें केंद्रीय महाधिवेशन में केंद्रीय समिति के नामों पर विमर्श हुआ था। केंद्रीय समिति झारखंड मुक्ति मोर्चा की शीर्षस्थ कमेटी है। कमेटी तमाम रणनीतिक मुद्दों पर विमर्श कर निर्णय लेती है।
शिबू सोरेन केंद्रीय समिति के अध्यक्ष और हेमंत सोरेन कार्यकारी अध्यक्ष हैं। नई टीम में मंत्रियों और दल के सांसदों को जिम्मेदारी दी गई है। अक्सर सरकार की नीतियों को कटघरे में खड़ा करने वाले बोरियो विधायक लोबिन हेम्ब्रम को भी कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया है।
उपाध्यक्ष : नलिन सोरेन, प्रो. स्टीफन मरांडी, चम्पई सोरेन, रूपी सोरेन, मथुरा प्रसाद महतो, सविता महतो, सरफराज अहमद और बैद्यनाथ राम।
महासचिव : विजय सिंह, फागु बेसरा, विनोद कुमार पांडेय (प्रवक्ता), सुप्रियो भट्टाचार्य (प्रवक्ता), सीता सोरेन, दीपक बिरूवा, सुदिव्य कुमार सोनू, मिथिलेश कुमार ठाकुर, चमरा लिंडा, बाबूलाल सोरेन।
सचिव : योगेंद्र प्रसाद (प्रवक्ता), नंदकिशोर मेहता, अभिषेक प्रसाद पिंटू, संजीव बेदिया, जोबा मांझी, संतोष रजवार, समीर मोहंती।
कोषाध्यक्ष : विनोद कुमार पांडेय और प्रवक्ता : डॉ. अशोक कुमार सिंह, मनोज कुमार पांडेय।
कार्यकारिणी सदस्य : विजय हांसदा, महुआ माजी, रवीन्द्रनाथ महतो, हेमलाल मुर्मू, लोबिन हेम्ब्रम, मोहन कर्मकार, डॉ. कमल नयन सिंह. निरल पुरती, रामदास सोरेन, हिदायतुल्लाह खान, अमितेश सहाय, दशरथ गगराई, बसंत सोरेन, हफिजुल हसन, बेबी देवी, सुमन महतो, निजामुद्दीन अंसारी, सुखराम उरांव, भूषण तिर्की, मंगल कालिंदी, जिग्गा सुसरण होरो, विकास सिंह मुंडा, संजीव सरदार, दिनेश विलियम मरांडी, राजू गिरी, गणेश चौधरी, मनोज यादव, अंजलि सोरेन, परेश मरांडी, बिट्टू मुर्मू।